- Hindi News
- बुखार में लगाया इंजेक्शन, हाथ हो गया सुन्न
बुखार में लगाया इंजेक्शन, हाथ हो गया सुन्न
शोभापुरकॉलोनी में बुखार पीड़ित एक मरीज को मोहल्ले के डॉक्टर से इंजेक्शन लगाना महंगा पड़ गया। इंजेक्शन का रिएक्शन ऐसा हुआ कि युवक का हाथ ही सुन्न पड़ गया। डॉक्टर के पास गया तो उसे लौटा दिया। इसके बाद युवक पुलिस के पास पहुंचा। शिकायत दर्ज कराई, लेकिन डॉक्टर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब युवक न्याय पाने भटक रहा है। शोभापुर कॉलोनी में एमक्यू-526 के पास रहने वाले सतीश पिता लखमु उपराले को 25 जुलाई को बुखार आया था। वह इलाज के लिए क्लब कॉलोनी के पास स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक पर गया।
डॉक्टर ने बुखार उतरने से संबंधित इंजेक्शन उसे लगाया। अचानक ही उसके हाथों में दर्द शुरू हुआ और हाथ सुन्न पड़ गया। दोबारा डॉक्टर के पास गया तो उसने कहा कि चार-पांच दिनों में ठीक हो जाएगा। मगर, फर्क नहीं पड़ा तो नागपुर में उपचार कराया गया। पीड़ित सतीश ने बताया कि पुलिस चौकी में शिकायत करने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में यह डॉक्टर कई लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करेगा। उसने कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर टीआई अनूप सिंह नैन ने बताया कि डॉक्टर के संबंध में बीएमओ से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।