ड्रेस में नजर आएंगे नपा के कर्मचारी
नगरपालिका के कर्मचारी अब ड्रेस पर नजर आएंगे। कोड का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई हो सकती है। सीएमओ के आदेश जारी करते ही नगर पालिका में ज्यादातर कर्मचारी ड्रेस पर नजर आने लगे हैं। महिला कर्मचारियों के लिए भी ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है।
नगरीय प्रशासन विभाग ने नगर पालिका, निगमों और नगर पंचायत के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए ड्रेस कोड लागू किया है। मगर, सारनी नगर पालिका में इसका पालन नहीं किया जा रहा था। सीएमओ अशोक शुक्ला ने आने के तुरंत बाद इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। ऑफिस में रंगीन कपड़ों में आने वालों पर कार्रवाई के निर्देश के बाद ज्यादातर कर्मचारी ड्रेस पर नजर आने लगे हैं। आसमानी रंग की शर्ट और गहरे नीले रंग की पेंट के अलावा महिला कर्मचारी आसमानी रंग की साड़ी में नजर आने लगी है। भृत्यों के लिए भी इसे अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा सफाई कामगारों को भी ड्रेस देने की तैयारी चल रही है।
बंद है बायोमैट्रिक मशीन
नगरपालिका में हाजिरी लगाने वाली बायो मेट्रिक मशीन बंद पड़ी है। करीब दो साल पहले नगर पालिका ने इसे शुरू किया था। मगर, समय पर नहीं आने वाले कर्मचारियों ने इसे बंद कर दिया। नगर पालिका सीएमओ ने इसे दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके जरिए कर्मचारियों की हाजिरी ऑनलाइन फीड हो जाती है।