- Hindi News
- 3 दिन से शक्ति नगर के 1000 लोग अंधेरे में
3 दिन से शक्ति नगर के 1000 लोग अंधेरे में
शोभापुरकॉलोनी कॉलोनी का शक्ति नगर तीन दिनों से अंधेरे में है। वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड ने यहां के व्यापारियों और गैर कामगारों के कनेक्शन काट दिए हैं। कनेक्शन कटने के बाद से यहां के एक हजार लोग परेशान हैं। डब्ल्यूसीएल लगातार यहां से कनेक्शन काट रहा है। इससे दुकानदारों की मुसीबत बढ़ गई है। दिनों-दिन मुसीबत और ज्यादा बढ़ने के आसार है। डब्ल्यूसीएल रियायत देने को तैयार नहीं है।
शहर में चार अलग-अलग कस्बे हैं। इनमें से दो कस्बों में वितरण कंपनी तो दो कस्बों में डब्ल्यूसीएल की बिजली सप्लाई व्यवस्था है। नियमानुसार शोभापुर और पाथाखेड़ा में डब्ल्यूसीएल को अपने कामगारों को बिजली की सप्लाई करनी है। मगर, यहां कई गैर कामगार यानी वे लोग जो डब्ल्यूसीएल को सेवाएं नहीं देते हैं वे अनाधिकृत रूप से बिजली कनेक्शन लेकर इसका उपयोग कर रहे हैं। पाथाखेड़ा और शोभापुर कॉलोनी के क्षेत्रों में डब्ल्यूसीएल की सप्लाई सुधारने के लिए यह किया जा रहा है। अब तो यहां काबिज दुकानदारों को भी डब्ल्यूसीएल ने अब कनेक्शन देने से इनकार कर दिया है। शक्ति नगर में रहने वाले दिलीप कनाठे, अबरार, सुभाष धोटे और पिंटिश नागले समेत अन्य लोगों ने बताया कि पहले डब्ल्यूसीएल दुकानदारों से बिजली का बिल वसूल करता था, लेकिन अचानक ही कनेक्शन काट दिए हैं। बिजली लेने का कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है। दुकानदारों के अलावा शक्ति नगर के करीब एक हजार परिवारों के घर में भी अंधेरा है।
पेड़ गिरने से टूटे तार
^शहरके कई क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण पेड़ गिरने से तार टूट गए। इससे बिजली गुल रही। फीडर 1 और 2 को रात में ही शुरू कर दिया गया था। मगर, फीडर 3 के कई हिस्सों में पेड़ और डालियां गिर गए थे। इसलिए इसके सुधार में समय लगा। बुधवार शाम तक सभी क्षेत्रों में बिजली शुरू कर दी गई। -करन सिंह दोहरे, एई टाउन सारनी
व्यवस्था कराएंगे
^पाथाखेड़ाक्षेत्र में रहने वाले गैर कामगारों को बिजली देने संबंधित चर्चा हुई है। मगर, इसमें समय लगेगा। कोशिश की जा रही है कि डब्ल्यूसीएल से चर्चा कर फिलहाल कनेक्शन काटने के अभियान को रोका जाएगा। कैलाश नगर स्थित सब स्टेशन से इन क्षेत्रों में भी बिजली देने की योजना है। -चैतराम मानेकर, विधायक
टट्टा कॉलोनी में सर्वे के बाद भी नहीं शुरू हुई बिजली
शोभापुरकी टट्टा कॉलोनी में कंपनी के सर्वे के बाद भी बिजली शुरू नहीं हुई। कंपनी यहां 10 फरवरी तक बिजली व्यवस्था शुरू करने की तैयारी में थी। इसे लेकर पाइंटों का सर्वे भी हुआ था, लेकिन यहां के 800 घरों में बिजली नहीं पहुंच पाई। कंपनी को कलेक्टर ने यहां 31 जनवरी को बैठक लेकर तत्काल सात दिनों में बिजली मुहैया कराने के निर्देश दिए थे। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कंपनी बिजली नहीं मुहैया करा पाई है। ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं।