एसआईएसएफ के 4 जवानों पर केस दर्ज
नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ जयस्तंभ चौराहे पर मारपीट करने के मामले में सारनी पुलिस ने राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के 4 अधिकारी, कर्मचारियों पर मारपीट का केस दर्ज किया है। मामले में फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस एसआईएसएफ के जवानों के आवेदन पर भी जांच कर रही है।
नगर पालिका के कर्मचारी विजय राठौर और अनिल काकोड़िया के साथ रविवार 7 फरवरी को जयस्तंभ चौराहे पर एसआईएसएफ के जवानों ने मारपीट की थी। मामले में एसआईएसएफ जवानों ने नपा कर्मियों पर वाहन खुद के ऊपर चढ़ाने का आरोप लगाया था। इसका आवेदन भी सारनी थाने में दिया था। इस बीच नपा कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना का विरोध शुरू हो गया। नपा कर्मचारियों के अलावा शहर के लोग भी एसआईएसएफ जवानों के खिलाफ हो गए। मामले में बुधवार देर रात पुलिस ने एसआईएसएफ के प्लाटून कमांडर सीताराम चौरे, एपीसी कैलाशचंद्र बोरसिया, सत्येंद्रसिंह पटेल और आरक्षक सरनाम सिंह सोलंकी पर केस दर्ज किया है।
नपा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में एसआईएसएफ के चार अधिकारी, कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट करने का केस दर्ज किया है। फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उनके आवेदन की जांच भी कर रही है। विक्रम रजक, टीआई सारनी