- विधायक के कहने पर भी नहीं बदला नक्शा।
सारनी| शॉपिंग सेंटर में बन रही सीवर लाइन को पीछे खिसकाने दो दिन पहले निर्देश दिए थे।
सारनी। शहर के शॉपिंग सेंटर में बिछाई जा रही सीवर लाइन के कारण आने वाले दिनों में मुसीबत खड़ी हो सकती है। नगर पालिका इस सड़क को करीब 10 मीटर चौड़ा बनाने की तैयारी कर रही है और बिजली कंपनी पुरानी सड़क से सटकर पाइप लाइन बिछा रही है। ऐसे में नई सड़क बनेगी तो पाइप लाइन सड़क के नीचे दब जाएगी और चेंबर सड़क के बीच में जाएंगे। विधायक के कहने के बाद भी कंपनी ने नक्शा बदला नहीं है।
सारे शहर से होता हुआ सीवर लाइन का काम अब शॉपिंग सेंटर रोड तक गया है। यहां नाली खोदकर पाइप लाइन बिछाई भी जा रही है। दो दिनों पहले यहां पाइप लाइन फूटने से पानी सड़क पर बह गया था। हालांकि अब सुधार हो गया है। मगर, ठेकेदार को कंपनी ने कोई अपडेट नक्शा नहीं दिया है। लिहाजा काम पुराने नक्शे के मुताबिक हो रहा है। जबकि इस सड़क की चौड़ाई 5 से बढ़कर 10 मीटर होनी है। यानी दोगुनी चौड़ी सड़क बनेगी।
इस हालत में अब सीवर लाइन के ऊपर से ही सड़क बन जाएगी। आने वाले दिनों में यदि लाइन में कोई चोक या खराबी आती है तो सड़क को उखाड़कर ही सुधार होगा। चेंबर भी सड़क के बीच में जाएंगे। इससे और ज्यादा परेशानी खड़ी हो जाएगी। नगर पालिका सड़क को चौड़ा करने के लिए रिवाइज एस्टीमेट और प्लान तैयार कर रही है। प्लान तैयार होगा तब तक करीब पूरी सीवर लाइन बिछ जाएगी। ठेकेदार का कहना है कि कंपनी ने जो नक्शा उपलब्ध कराया है, उसी के हिसाब से काम हो रहा है।
मामले को लेकर विधायक चैतराम मानेकर भी नाराजगी जता चुके हैं। शहर की सड़कों के एकदम किनारे से नालियां खोदना ठीक नहीं है। यहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व निर्धारित नक्शे के मुताबिक काम हो रहा है। इसमें बदलाव बिना किसी आदेश के नहीं हो सकता। विधायक ने बदलाव करने के निर्देश दिए थे।
सड़क किनारे काम, रोज हो रहे विवाद : सड़क किनारे काम होने के कारण रोज विवाद हो रहे हैं। दो दिनों पहले ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष और ठेकेदार के इंजीनियर के बीच कहा-सुनी हो गई थी।
इसी दिन रात में काम के दौरान कुछ युवाओं ने यहां हंगामा किया था और कंपनी का सामान उठा ले गए थे। ठेकेदार की ओर से चौकीदार पप्पू रक्सेले ने मामले की लिखित शिकायत थाना प्रभारी से की है। पप्पू ने बताया कि वह सामान की रखवली कर रहा था। तभी बबलू नामक युवक और उसके दोस्तों ने उसके साथ गाली-गलौज की और सामान भी उठा लिया। जेसीबी को तोड़ने की धमकी भी दी। पप्पू ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की है।
तैयार करेंगे प्लान : '' नपा प्लान तैयार कर सड़क को चौड़ा बनाएगी। औपचारिकता के बाद काम तुरंत शुरू हो जाएगा। कंपनी को भी सीवर लाइन के पाइप दूर से ले जाने के लिए कहा जाएगा। -मीनाक्षी मोहबे, नपाध्यक्ष, सारनी।
नपा ने नहीं लिखा कंपनी को पत्र : नए बस स्टैंड से शॉपिंग सेंटर तक की सड़क को 10 मीटर तक चौड़ा बनाना है। कलेक्टर इसके लिए निर्देश दे चुके हैं। नोटशीट भी तैयार हो चुकी है, लेकिन अभी तक नगर पालिका की ओर से कंपनी को एक पत्र भी नहीं लिखा गया है। हालांकि इस बैठक में सतपुड़ा प्लांट के चीफ इंजीनियर वीके कैलासिया भी मौजूद थे। मगर, औपचारिक कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखना जरूरी था। इस हालत में कंपनी ने भी कोई नया नक्शा तैयार नहीं किया है। सिविल एसीई एसके पेंडोर ने बताया कि काम समयावधि में पूरा करना है इसलिए दिन और रात तेजी से काम कराया जा रहा है।
एस्टीमेट नहीं बनेगा तो रुका रहेगा सड़क का काम : इधरनगर पालिका की आरे से भी काम में ढिलाई बरती जा रही है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश के बाद अब नगर पालिका को हर हाल में इसे 10 मीटर चौड़ा करना होगा। पहले मुख्यमंत्री अधोरंसचना योजना की चौड़ाई 7 मीटर की प्रस्तावित थी। मगर, अभी तक कागजी कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। नगर पालिका में सोमवार के बाद ही योजना पर काम शुरू होगा। इसमें भी समय लग जाएगा। इस हालत में और ज्यादा परेशानी खड़ी हो जाएगी। नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि रिवाइज एस्टीमेट, वर्क आर्डर और प्लान तैयार करने में एक सप्ताह से ज्यादा का समय लग जाएगा।