युवा उत्सव में दीं रंगारंग प्रस्तुतियां
युवाउत्सव के तीसरे दिन भी कॉलेज में आयोजनों की धूम रही। विद्यार्थियों ने अलग-अलग विधाओं में बेहतर प्रस्तुति दी। इन विधाओं में चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। तीन दिवसीय युवा उत्सव का समापन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को हुआ।
पीजी कॉलेज में शुक्रवार सुबह 11 बजे से ही प्रतियोगिताएं शुरु हो गई थीं। समूह गान, समूह नृत्य, भाषण, वाद विवाद, कार्टूनिंग सहित प्रश्न मंच प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए। समूह नृत्य में आदिवासी नृत्य पर पुरा हॉल तालियों से गूंज उठा। अन्य प्रस्तुतियों को भी उपस्थितजनों ने खूब सराहा। दोपहर 3 बजे तक प्रतियोगिताएं चलीं।
सीहोर. कॉलेज में इस तरह से युवाओं ने अपनी प्रस्तुति दी।
गर्ल्स कॉलेज में भी हुए आयोजन
युवाउत्सव के तहत गर्ल्स कॉलेज में भी अलग-अलग विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया। उत्सव की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सरला कसौटिया ने की। कार्यक्रम का संचालन युवा उत्सव प्रभारी डॉ. जया शर्मा ने किया। अलग-अलग विधाओं में छात्राओं की प्रस्तुति को सभी ने खूब सराहा।
जिला स्तरीय युवा महोत्सव 29 से
महाविद्यालयस्तर पर प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब 29 सितंबर से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय एवं अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। जिला सांस्कृतिक समन्वय डॉ. राजकुमारी शर्मा ने बताया कि 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से स्वामी विवेकानंद कॉलेज में 10 विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज में एकल नृत्य, समूह नृत्य एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन 30 सितंबर को गर्ल्स कॉलेज और आष्टा के शहीद भगत सिंह कॉलेज में अन्य विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके लिए तैयारी की जा रही है।