गायब ट्रक और माल को ढूंढने बना दल
नगरके गल्ला व्यापारी दिनेश विजयवर्गीय के 250 क्विंटल सोयाबीन अज्ञात ट्रक के मालिक ने गायब कर दिया। इसका पता अभी तक नहीं चला है। यह ट्रक राजेश ठाकुर नामक ड्रायवर चला रहा था लेकिन उसको झांसा देकर क्लीनर ट्रक लेकर गायब हो गया। ट्रक की तलाश के लिए सभी टोल टैक्स नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रक किस तरफ गया, इसके लिए भोपाल इंदौर मार्ग पर आष्टा से लेकर इंदौर तथा आष्टा से भोपाल तरफ के टोल नाके पर लगे सीसीबी कैमरों में ट्रक की लोकेशन ली गई। इसमें पता चला कि ट्रक कोठरी, फंदा से होता हुआ फंदा बायपास से सीधे गांधी नगर तरफ जाता दिखाई दिया लेकिन गांधी नगर के बाद किसी भी टोल नाके पर ट्रक जाते हुए नहीं पाया गया। चोरी गए ट्रक का पता लगाने के लिए सीहोर तथा शाजापुर पुलिस का एक दल बनाया गया है। इसमें दो एसडीओपी रेंक के अधिकारी, दो टीआई सब इंस्पेक्टर शामिल हैं ताकि चोरी गए माल का पता लगाया जा सके।
गल्ला व्यापारियों के माल के लगातार गायब होने के कारण व्यापारी संगठनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि कई बार इस प्रकार की वारदातों को बदमाशों ने अंजाम दिया लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं। पूर्व में जो गेहूं के ट्रक गायब हुए थे उसमें सतना बनारस तक के ट्रांसपोर्टरों के नाम तक दे दिए गए थे लेकिन अभी तक उन पर भी कोई कार्रवाई पुलिस ने नहीं की। इस बारे में गल्ला व्यापारी संघ के प्रतिनिधि गोपाल गोयल का कहना है कि गैंग को कड़े कदम उठाने चाहिए ताकि व्यापारियों के साथ जो धोखाधड़ी होती है, उसको रोका जा सके। वहीं एसडीओपी डीके जैन का कहना है कि मामलों को ट्रेस करने के प्रयास किए जाते हैं।