मंच तैयार, पंडाल का काम 30 फीसदी बाकी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शेरपुर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर शुक्रवार तक लगभग 70 फीसदी काम पुरा हो चुका है। 8 फीट ऊंचे, 30 फीट लंबे और 18 फीट चौड़े मंच का काम पूरा हो चुका है। वहीं किसानों के बैठने के लिए बन रहे पंडाल का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। निरीक्षण करने पहुंचे आईजी ने वीआईपी गेट पर कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जाएजा लेने के लिए आईजी योगेश चौधरी करीब 12 बजे पहुंचे। उन्होंने हेलीपेड के साथ ही स्टेज, पंडाल निर्माण का जायजा लिया। इस दौरान कहा कि महिलाओं के बैठने की व्यवस्था सबसे आगे की जाए और कुर्सियों को इस प्रकार से रखा जाए कि पीछे वाले लोगों को स्टेज आसानी से दिखाई दे। वहीं उन्होंने वीआईपी इंट्री गेट पर कंट्रोल रूम तैयार करने की बात कही है।
पंडाल में बनेंगे इमरजेंसी गेट : पंडाल को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि उसमें करीब 200 से तीन सौ मीटर पर एक इमरजेंसी गेट बनाया जाएगा। इसमें सिर्फ परदे लगे रहेंगे। अगर कोई परेशानी या किसी किसान को कोई समस्या हो तो इमरजेंसी गेट से निकाला जा सकेगा। यहां पर एंबुलेंसों की व्यवस्था भी रहेगी।
हेलीपेड का काम पूरा : शुक्रवार को बनाए जा रहे तीन हेलीपेड में से एक का काम पूरा हो चुका है। शेष दो हेलीपेड मैदानों पर लगा डामर सुखाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री केे कार्यक्रम के लिए मंच बनाने का काम लगभग पूरा हो गया है।
शेरपुर में किसान सम्मेलन
100 टैंकर पानी की व्यवस्था
करीब पांच लाख किसानों के कार्यक्रम में आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके लिए 500 हजार लीटर पानी के 100 टैंकरों की व्यवस्था की गई है। इसमें से 50 टैंकरों को पार्किंग स्थल पर लगाया जाएगा। साथ ही 50 टैंकर पंडाल के आसपास उचित स्थानों पर लगाए जाएंगे।
कोटवार हर गांव में मुनादी से देंगे सूचना
किसानों को इस कार्यक्रम में लाने के लिए कोटवारों से मुनादी कराई जाएगी। प्रधानमंत्री को सुनने शेरपुर चलो इस तरह की मुनादी होगी। इसके लिए प्रशासन ने योजना बनाई है। कोटवारों को इसका जिम्मा दिया जाएगा।