बाबा को अंतिम विदाई देने उमड़ा जन सैलाब
121साल की उम्र में प्रसिद्ध संत त्यागी बाबा महाराज का निधन शुक्रवार को हुआ। शनिवार को निकली उनकी अंतिम यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अंतिम यात्रा जिधर से भी निकली, इसमें शामिल लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। स्टेशन रोड स्थित उनके आश्रम से निकली अंतिम यात्रा नगर भ्रमण के बाद पुन: आश्रम पहुंची, यहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
त्यागी बाबा के अंतिम दर्शन के लिए शनिवार को उनके आश्रम पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बनती थी। स्थिति यह थी कि व्यवस्था बनाने के लिए यहां पुलिस प्रशासन को आगे आना पड़ा। नम आंखों से दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। विशेष रथ सजाकर उसमें त्यागी बाबा की अंतिम यात्रा निकाली गई। बाबा के दर्शन के लिए अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा जिधर से भी निकली, लोग बाबा के दर्शन के लिए सारे काम छोड़कर दौड़े चले आए। अंतिम यात्रा के पीछे श्रद्धालुओं की भीड़ खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। नगर भ्रमण के बाद यात्रा वापस आश्रम पहुंची। यहां विधि विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। बाबा के सेवकों ने उन्हें मुखाग्नि दी।
दूर-दराजसे आए बाबा के भक्त : त्यागीबाबा भारत भ्रमण कर सीहोर आए थे। यहां श्रद्धालुओं के स्नेह को देखते हुए वे आश्रम बनाकर यहीं लोगों को आध्यात्म ज्ञान बांटने लगे थे। शनिवार को अंतिम यात्रा में दिल्ली, बॉम्बे, ग्वालियर, आगरा, गुजरात सहित कई प्रांतों से श्रद्धालु पहुंचे।
सीहोर. अंतिम यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाव। हजारों लोगों ने दी अपने गुरू को विदाई।
प्रोजेक्टर से कराए दर्शन
शुक्रवाररात से भी भक्तों की भीड़ त्यागी बाबा के आश्रम पहुंचने लगी थी। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि आश्रम में जगह नहीं बची। ऐसे में आश्रम के मेन गेट पर एक प्रोजेक्टर लगाकर श्रद्धालुओं को बाबा के अंतिम दर्शन कराए गए। आश्रम के बाहर भी रात भर श्रद्धालु नम आंखों के साथ डटे रहे।