मुआवजा राशि दिलाने विधायक आगे आए
किसानोंको जल्द ही फसल बीमा योजना का लाभ दिए जाने के लिए सीहोर विधायक ने प्रभारी मंत्री को पत्र लिखा है। विधायक सुदेश राय ने पत्र में उल्लेख किया है कि लगातार किसान प्राकृतिक मार से परेशान हैं।
ऐसे में अन्नदाता काफी चिंतित और निराश हैं। इस पर प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह ने भी आश्वासन देते हुए शीघ्र ही फसल बीमा राशि किसानों को देने की बात कही है। प्रभारी मंत्री श्री सिंह से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में कार्यालय प्रभारी मृदुलराज तोमर, मीडिया प्रभारी महेन्द्र मनकी ठाकुर, सतीश बनवैया, रफीक खा दोराहा, मंगीलाल मंझेडा, रामअवतार जाट, रामनारायण शर्मा सोठी, प्रीम गौर, देवीसिंह तंवर, हरीसिंह गुर्जर, औंकार सिंह आछारोही, दिनेश प्रजापति, आनन्द निगोदिया, कैलाश दांगी बराडी, नंद किशोर पाटीदार, बदामी लाल, प्रेम नारायण दांगी आदि शामिल थे। विधायक श्री राय ने यह भी बताया कि इस साल अल्पवर्षा के कारण सोयाबीन की फसल काफी प्रभावित हुई है।
इससे किसान बहुत परेशान हैं। ऐसे में किसानों को जल्द ही फसल बीमा योजना का लाभ मिल जाए तो किसानों को काफी राहत मिल जाएगी। प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह के आगमन पर उन्हें मांग पत्र भी सौंपा गया। इसमें भी कई समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
हरसाल होता है फसलों को भारी नुकसान
हरसाल किसानों की फसलों को काफी नुकसान होता है। कभी ओलों से फसलें बर्बाद हो जाती हैं तो कई बार पाले से फसलें जल जाती हैं। कई बार अतिवृष्टि से बाढ़ की स्थिति बन जाती है जिससे खेतों में पानी भर जाता है। इससे पौधे भी पीले पड़ जाते हैं और फसलें खराब हो जाती हैं।