सीहोर ने विदिशा को दी 70 रनों की लीड
बीएसआईहेल्थ एंड स्पोर्ट्स मैदान पर दो दिवसीय सीनियर डिविजन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हुआ। शुरुआती मैच सीहोर और विदिशा जिले की क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। पहले मैच में सीहोर क्रिकेट टीम ने विदिशा क्रिकेट टीम को 70 रनों की लीड दी है।
मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में सोमवार सुबह विदिशा क्रिकेट टीम के कप्तान नागेंद्र लोधी ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीहोर क्रिकेट टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 239 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसमें गौरव पिचोलिया ने 67 रन, कमलेश पारोचे ने 40 गेंद पर 69 रन बनाए। विदिशा क्रिकेट टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए अक्षय दांगी और मयूर ने 3-3 विकेट झटके। बाद में विदिशा क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 10 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसमें विदिशा टीम के क्रिकेटर पलाश श्रीवास्तव ने 112 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। सीहोर क्रिकेट टीम की ओर से सचिन साहनी ने 2 विकेट और गौरव खरे, सचिन कीर गौरव पिचोनिया ने 1-1 विकेट चटकाए। मैच के पूर्व जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रमोद पटेल, उपाध्यक्ष अतुल तिवारी, मनोज दीक्षित मामा, वीरु वर्मा, मनीष जैन, महेंद्र शर्मा, अमित कटारिया, पवन सोनी, अरविंद परमार आदि खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए मैदान पर पहुंचे।
आज होगा फैसला
डीसीएके मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि दो दिवसीय इस मैच का फैसला मंगलवार को किया जाएगा। मैच के बाद विदिशा क्रिकेट टीम और सीहोर क्रिकेट टीम ने जीत के लिए जमकर अभ्यास किया। मंगलवार को प्रतियोगिता में जीत-हार का फैसला होगा।
सीहोर. क्रिकेट खेलते हुए खिलाड़ी।