अब जमोनिया से पानी की सप्लाई
अब इन टंकियों से होगा पानी प्रदाय
सोमवारको पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होने के बाद अब शहर की नेहरू कॉलोनी स्थित पानी की टंकी, अयोध्या बस्ती स्थित पानी की टंकी, कलेक्टोरेट के बाहर बाल बिहार मैदान की पानी की टंकी में जमोनिया से पानी प्रदाय किया जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
सीहोर. पानी की सप्लाई लाइन को शिफ्ट करने का काम पूरा हो गया है।
कार्यालय संवाददाता | सीहोर
मंडी रेलवे गेट पर बनने वाले फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण के चलते क्षतिग्रस्त हुई नपा की सप्लाई लाइन आखिरकार शिफ्ट हो गई। सोमवार को इस लाइन के शिफ्टिंग का काम पूरा हुआ। इसके बाद अब फिर से शहर में जमोनिया तालाब से जलप्रदाय किया जा सकेगा।
रेलवे गेट पर बनने वाले ब्रिज के कारण जमोनिया से आने वाली सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। ऐसे में जमोनिया तालाब से शहर में जलप्रदाय नहीं हो पा रहा था। इसके कारण शहर में जल प्रदाय व्यवस्था चरमरा गई थी।
आखिरकार नगर पालिका अमले ने सप्लाई लाइन को शिफ्ट करने का काम सोमवार को पूरा कर लिया। नपाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया और जल प्रदाय अमले को जमोनिया तालाब से शहर में पेयजल प्रदाय के निर्देश दिए। श्री मेवाड़ा के साथ धर्मेंद्र राठौर, अर्जुन राठौर, जल समिति के सभापति विपिन शास्ता, भारत राठौर आदि मौजूद थे।
दोमहीने से प्रभावित हो रही थी व्यवस्था : इससंबंध में नपा के उपयंत्री एनसी राठौर और एसके चंद्रायन ने बताया कि पूर्व में ओवर ब्रिज के नक्शे में पाइप लाइन नहीं रही थी। लेकिन बाद में नक्शे में किए फेर-बदल के चलते आखिरकार नपा की सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे करीब 2 महीने तक जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। ऐसे में काहिरी बंधान और भगवानपुरा तालाब के पानी से ही प्रदाय किया जा रहा था। इससे यहां पानी का स्तर लगातार कम होता जा रहा है।