एक्टिविटी क्लब का होगा गठन
विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से कॉलेज में एक्टिविटी क्लब का गठन किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं। खास बात यह है कि क्लब गठन के लिए विद्यार्थियों की रुचि को भी देखा जाएगा। यदि वे चाहेंगे तो अपनी रुचि के अनुसार एक्टिविटी क्लब बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना संपूर्ण प्रस्ताव वित्तीय आवश्यकता और कम से कम 15 सदस्यों की सूची के साथ तैयार कर प्राचार्य को देना होगा।
प्रतिभा की परख
दरअसल उच्च शिक्षा विभाग की इस कवायद का मकसद विद्यार्थियों की प्रतिभा को बाहर लाना है। इससे उनमें यह भाव पैदा हो सकेगा कि वे कुछ अलग बन सकते हैं। कॉलेज में एक्टिविटी क्लबों के माध्यम से जिन गतिविधियों का संचालन होगा उससे एक सार्थक वैल्यू सिस्टम भी विकसित हो पाएगा। फिलहाल उच्च शिक्षा विभाग ने 19 क्लबों की सूची जारी की है। विद्यार्थियों की रुचियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें इन क्लबों के साथ जोड़ा जाएगा।
क्लब में ऐसे होगा सब-कुछ
>स्थानीय टैलेंट पूल को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर संभावित क्लबों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा होगी।
> इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि क्लब में सिर्फ अंतिम वर्ष के विद्यार्थी हों क्योंकि इससे क्लब संचालित करने में कठिनाई आएगी।
> क्लब का नेतृत्व उस विद्यार्थी को दिया जाएगा जो उत्साही है और सभी को साथ लेकर चलने वाले हों। उनकी जिम्मेदारी व्यावहारिक गतिविधि कैलेंडर तैयार करने की होगी।
इन क्लबों का होगा गठन
समूहचर्चा एवं वाद विवाद क्लब, क्रिएटिव राइटिंग, बुक रीडिंग, विभाग के विद्यार्थियों का विषय से संबंधित गतिविधि, सामान्य ज्ञान, कम्प्यूटर जागरूकता, भाषा सुधार, साफ-सफाई एवं टूट-फूट मरम्मत , प्रकाशन एवं मीडिया, पर्यावरण चेतना और जागरूकता, आयडिया, इंटरनेट, परफार्मिंग एवं विजुअल आर्ट्स, योग, सामाजिक गतिविधि, मार्शल आर्ट्स जूडो एवं कराते, स्पोर्ट्स, एथलेटिक तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब।