पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मैदान की व्यवस्था सरकार के जिम्मे, किसानों को लाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

मैदान की व्यवस्था सरकार के जिम्मे, किसानों को लाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाला किसान सम्मेलन सरकारी कार्यक्रम है या भाजपा का आयोजन, इसको लेकर विरोधाभास की स्थिति बन गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव से जब यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे पार्टी का आयोजन बताया। वहीं जब उनसे पूछा गया कि यहां तो सरकारी अमला पूरी तरह व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है तो उनका कहना था कि अधिकारी तो यहां सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आ रहे हैं।

सवाल इसलिए उठा क्योंकि भाजपा नेता इस आयोजन का श्रेय लेने के लिए लगातार मीटिंग कर रहे हैं। प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ताओं को यहां लाने की योजना है। किसानों के नाम पर हो रहे इस आयोजन में असल किसानों से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं की शिरकत होगी। राज्य सरकार ने इसे किसान सम्मेलन का नाम दिया है। इसी कारण यहां भोपाल और होशंगाबाद संभाग के तमाम अधिकारी, मंत्रालय से कृषि विभाग के अधिकारी और तमाम पुलिस अधिकारी लगातार दौरा कर रहे हैं और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री के सभा मंच का दायरा घटाया, खर्च पर भाजपा नेताओं ने साधी चुप्पी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा नहीं हुआ किसी का नुकसान

दौरे पर आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान से जब पत्रकारों ने सम्मेलन के नाम पर किसानों की हरी फसल जबरन काट देने के बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने कहा- ऐसा कुछ नहीं हुआ। आप खुद जाकर देख लो।

प्रशासन देखे, किसी का नुकसान न हो
दैनिक भास्कर ने बुधवार को प्रकाशित समाचार में किसानों के हवाले से खुलासा किया था कि प्रशासन ने उनके खेतों की फसल काटकर समतल मैदान बना दिया। इस बारे में चौहान ने कहा कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है। किसी भी किसान का नुकसान नहीं होना चाहिए। प्रशासन से कहा है कि वह इस मामले को देखे। इसी के साथ अपने स्थानीय पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी है कि वह इस मामले का समाधान करें।

कितना हो रहा खर्च, कोई जवाब नहीं
इस कार्यक्रम में कितना खर्च हो रहा है, इस प्रश्न को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने टाल दिया। उन्होंने कहा कि किसान गांव-गांव से आएंगे। वह इसमें भाग ले रहे हैं, वह स्वयं की भागीदारी से आएंगे। टैंट और अन्य इंतजाम कहां से हो रहे हैं, इस पर भी उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। सवाल पर मौन साध लिया।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सहित कई नेता पहंुचे, व्यवस्थाओं का जायजा लिया
बुधवार को शेरपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा सभी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लिया। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान, प्रदेश महामंत्री अरविंद भदौरिया, संभागीय संगठन मंत्री सुरेश आर्य, मंत्री उमाशंकर गुप्ता, जिला अध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी, भाजपा के जिला प्रवक्ता राजकुमार गुप्ता, विधायक सुदेश राय, नपा अध्यक्ष अमिता जसपाल अरोरा, पूर्व नपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सीताराम यादव, सुनील लोवानिया, संतोष राठौर आदि थे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए बनाया जा रहा मंच बुधवार को तोड़कर छोटा कर दिया गया।

किसानों काे करना है जागरूक
केंद्र सरकार ने एक अनूठी और महत्वपूर्ण योजना लागू कर दी है। इस योजना के बारे में किसानों को जागरूक कर उन्हें प्रशिक्षित करना है। जून में जब बोवनी का सीजन शुरू हो जाएगा, तब से इस योजना का क्रियान्वयन होगा। इसके लिए प्रधानमंत्री देश के कई जगहों में पहुंचकर किसानों को संबोधित करेंगे, उस शृंखला की शुरुआत सीहोर से हो रही है। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कही। उन्होंने कहा कि इस बीमा योजना की जो खूबियां हैं उनके बारे में अभी किसानों को परिचित कराना है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री एक बड़ी योजना लाए हैं, इसलिए जन जागरण के लिए सभी जुट गए हैं।

चार जगह होंगे सम्मेलन
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का ऐलान शेरपुर से करेंगे। यह प्रदेश का सौभाग्य है। मध्यप्रदेश के बाद इस तरह के सम्मेलन कर्नाटक, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में भी आयोजित किए जाएंगे। श्री यादव ने दावा किया कि केंद्र सरकार गरीबों के आर्थिक समायोजन, रोजगार स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा के लिए तेजी से कदम बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री जनधन योजना और समान रैंक समान पेंशन इसकी मिसाल है।

किसानों के लिए केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा है बीमा योजना
खबरें और भी हैं...