आज से नामांकन, 23 फरवरी को मतदान
सीहोर | बुधवार को जिला अभिभाषक संघ की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाने से न्यायालय परिसर में चुनावी हलचल बढ़ गई। जिला अभिभाषक संघ की चुनाव प्रक्रिया के तहत बुधवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो गया है। 11 फरवरी से नाम निर्देशन पत्र भरे जाएंगे। 23 फरवरी को मतदान होगा। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रामनारायण ताम्रकार ने बताया कि अभिभाषक संघ के चुनाव न्यायालयीन प्रक्रिया में रुके हुए थे। इसी बीच कार्यकारिणी ने चुनाव कराने का निर्णय ले लिया और नान प्रैक्टिशनर अधिवक्ताओं को हटाकर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर 220 सदस्यों की सूची निर्वाचन अधिकारी जीके उपाध्याय को सौंप दी और उनसे जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, पुस्तकालय अध्यक्ष तथा पंद्रह कार्य समिति सदस्य निर्वाचित कराने का आग्रह किया। संघ ने उनके सहयोग के लिए अधिवक्ता ब्रजेंद्र सिंह चंदेल को सहायक निर्वाचन अधिकारी का दायित्व दिया। निर्वाचन अधिकारी श्री उपाध्याय ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 11 से 15 फरवरी तक नामांकन जमा होंगे।