छेड़छाड़ करने वालों पर रहेगी पैनी नजर
सीहोर| स्कूल,कॉलेज, कोचिंग सेंटरों सहित शहर के कुछ संवेदनशील चौराहों पर खड़े रहने वाले मनचले युवकों की अब खैर नहीं। चौराहों पर खड़े होकर छात्राओं और महिलाओं पर फब्तियां कसने वालों पर अब पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए टीम गठित कर जवानों को पाइंट भी दे दिए गए हैं। शहर में दिनों दिन बढ़ रही छेड़छाड़ की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अब सख्त रवैया अपनाने का मन बनाया है। खासकर शहर के प्रमुख चौराहों पर खड़े रहकर छेड़छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं। ऐसे शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है। करीब 18-20 जवानों को टीम में शामिल किया गया है।