बैलगाड़ी रथ से देंगे पीएम की सभा में आने का न्यौता
भारतीय जनता पार्टी संगठन की बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ मौजूद थे। किसान महासम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को जवाबदारी दी गई।
रविवार को पीएम की सभा में आने का आमंत्रण देने के लिए एक विशेष बैलगाड़ी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन महामंत्री अरविंद मेनन , महामंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रिजेश लूनावत, सांसद आलोक संजर, विधायक सुदेश राय, सांसद प्रतिनिधि जसपाल सिंह अरोरा, नपाध्यक्ष अमिता अरोरा, पूर्व विधायक करण सिंह वर्मा, पूर्व नपाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सरिता देशपाण्डे आदि मौजूद थे।
यहां पर भाजपा नेता अखिलेश राठौर पहलवान ने बताया कि पूरे 35 वार्डों में इस बैलगाड़ी रथ में सवार होकर कार्यकर्ता पीले चावल लेकर पीएम के कार्यक्रम में आने के लिए लोगों को न्योता देंगे।
लौट के जब किसान जाएं तो मोदी के अलावा आपकी भी बात हो
प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार चौहान ने कहा कि जब प्रदेश के किसान पीएम को सुनने के बाद यहां से जाएं तो वह श्री मोदी के साथ सीहोर की भी बात करें, यह तभी होगा जब आप उनका स्वागत जोरशाेर से करेंगे। जिस कार्यकर्ता की जहां ड्यूटी लगाई जाती है उसे वहीं पर अपना काम पूरा करना है। संगठन ने सीहोर नगर के कार्यकर्ताओं को जवाबदारी देते हुए 32 समितियों का गठन किया जिसमें कार्यालय नियंत्रण कक्ष, मंच व्यवस्था, पंडाल व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, अस्थाई समितियों का गठन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीताराम यादव ने किया। सांसद प्रतिनिधि जसपाल अरोरा ने भी पीएम के आगमन को लेकर प्रचार-प्रसार के लिए रथ तैयार कराया है। रविवार को इस रथ को भी प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान बैलगाड़ी रथ पर बैठकर निकले ।
आज निकाली जाएगी
साइकिल रैली
भाजयुमो अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि सोमवार शाम 5 बजे जिले के सभी दस मंडलों में साइकिल रैली निकाली जाएगी। किसानों से पीएम के कार्यक्रम के लिए आने की अपील की है।