अतिथि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को देंगे ज्ञापन
इछावर | रविवार को कांकरखेड़ा स्थित मरीमाता मंदिर परिसर में अतिथि शिक्षकों की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें आगामी आंदोलन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही 18 फरवरी को सीहोर में होने वाले किसान महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी मांगों के निराकरण को लेकर ज्ञापन देने का भी निर्णय लिया गया है। बैठक में इछावर ब्लाक अध्यक्ष सोहन सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार को कई बार ज्ञापन देकर मांगों के निराकरण करने की मांग की गई, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। इसी के चलते इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से चंदर परमार, गेंदालाल केसरिया, नर्बदा प्रसाद, आष्टा से प्रदीप परमार, चेतन सिंह ठाकुर, अंतरसिंह जायसवाल, बुदनी से उमा विश्वकर्मा, यशवंत सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक मौजूद थे।