- Hindi News
- आका मौला की वर्षगांठ पर दिया स्वच्छता का संदेश
आका मौला की वर्षगांठ पर दिया स्वच्छता का संदेश
एक हजार से ज्यादा समाजजन हुए शामिल
सिटीरिपोर्टर | शाजापुर
दाऊदीबोहरा समाज ने रविवार को अपने दिवंगत एवं वर्तमान धर्मगुरु की वर्षगांठ मनाकर विशेष आयोजन किए। मीरकलां स्थित हमीदिया मस्जिद से सुबह जुलूस निकाला। एक हजार से ज्यादा समाजजन इसमें शामिल हुए। रास्तेभर मौला के जन्मदिन की खुशियों के रंग बिखरे। नन्हे-मुन्हे बच्चों ने हाथों में सांकेतिक तिरंगे झंडे और तख्तियां थामे पर्यावरण संरक्षण, क्लीन शाजापुर-ग्रीन शाजापुर, बेटी बचाओ, भारतीय होने पर गर्व होने जैसे प्रेरणादायी संदेश दिए।
जानकारी देते हुए बोहरा समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व पार्षद कैजार हुसैन गौहर ने बताया रविवार को समाजजनों ने समाज के दिवंगत 52वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब की 104वीं एवं वर्तमान 53वें धर्मगुरु सैयदना मौलाना अली कदर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की 72वीं वर्षगांठ (मिलाद) मनाकर आयोजन किए। हमीदिया मस्जिद से सुबह 10 बजे एक जुलूस निकाला गया। जुलूस समाज के आमिल शेख सैफुद्दीन सादरी वाले की सदारत में निकाला गया। एक हजार से ज्यादा समाजजनों सहित विधायक अरुण भीमावद, नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, सीसीबी बैंक अध्यक्ष शिवनारायण पाटीदार, समाजसेवी मंजर अली वारसी आदि भी जुलूस में शामिल हुए। दोपहर करीब 12 बजे पुन: मस्जिद पहुंचा। यहां समाजजनों ने एक-दूसरे को धर्मगुरु की वर्षगांठ की मुबारकबाद पेश की। समाज के सेक्रेटरी हकीम भाई पोल्ट्री फार्म वाले, जाकिर भाई कादरी, बाबूभाई आल वाले, मुल्ला मोहम्मद भाई, यूसुफ भाई पेटी वाले, नजमुद्दीन भाई प्रेस वाले, सफदर भाई ठेकेदार, मुल्ला फकरुद्दीन भाई वाली मुल्ला, अब्बास भाई काकड़ीवाला सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
येरहे आकर्षण के केंद्र- प्रमुखआकर्षण का केंद्र समाज के नजमी स्कूल के नन्हे-मुन्हे बच्चे एवं विशेष ड्रेसकोड में परेड धुन बजाकर अनुशासन का परिचय देकर मार्चपास्ट करते हकीमी स्काउट बैंड के सदस्य रहे। अश्वों बग्घी पर भी बड़े बच्चे सवार हुए। जुलूस के सबसे आगे दो युवा सफेद बाइक पर सफेद पोशाक पहने तिरंगा थामे शामिल हुए।
प्रेरणादायी संदेश लिखी तख्तियां हाथों में थामे शहरवासियों को दिया संदेश।