क्षेत्र में चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाश पुलिस गिरफ्त में
मक्सी में हुई वारदातों का कुछ माल बरामद, कोर्ट से मिला रिमांड
भास्कर संवाददाता | मक्सी
क्षेत्र में सूने मकानों और रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह के दो बदमाश मक्सी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने इनसे नगर के रामेश्वर मंडलोई के घर हुई दाे लाख की चोरी का कुछ सामान भी जब्त किया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया है। पुलिस खुलासे में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बच्चों के गुब्बारे बेचने का काम कर चोरी करने जैसे क्षेत्र की रैकी करने के बाद घटना को अंजाम देते हैं।
मंगलवार को मक्सी पुलिस ने पकड़ाए दो बदमाशों को कोर्ट में पेश किया। मक्सी थाने में शाजापुर एसडीओपी देवेंद्र सिंह यादव ने प्रकरण का खुलासा पत्रकारों के सामने किया। उन्होंने बताया शहर में हो रही वारदातों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। लेकिन फिर मुखबिरों से पता चला कुछ आवारा टाइप के लोग उज्जैन तरफ से रेल से शाम को आते हैं पर मक्सी आने के बाद दूसरे दिन उनका कहीं पता नहीं लगता। ज्ञात हुआ कि ये लोग गरोठ मंदसौर इलाके के पारदी जाति के हैं जो हर 8-10 दिन में मक्सी आ-जा रहे थे। पुलिस इनके मुकाम तक पहुंची और सुवासरा मंडी थाना क्षेत्र के धानखेड़ी ग्राम के अजय और अक्षय नामक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस पर उनके पास से चोरी का कुछ माल बरामद हुआ। इनके पकड़ाने के बाद एक राह नजर आई है। जांच में थाना प्रभारी उदयसिंह अलावा, एसआई भीमसिंह पटेल, एसआई श्यामसुंदर शर्मा, एएसआई रामेश्वर पटेल, आरक्षक राहुल, अजय, नरेश, धीरेंद्र का योगदान रहा।
नेत्र शिविर में 125 की जांच की
सारंगपुर | शासकीय सिविल अस्पताल में मंगलवार को सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय द्वारा नेत्र रोग निदान एवं मोतियाबिंद आपरेशन शिविर सुबह 11 से 2 बजे तक लगा। इसमें सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के नेत्र विशेषज्ञों ने 125 मरीजों की आंखों की जांच की। 27 मरीजों के आपरेशन, लैंस प्रत्यारोपण नि:शुल्क करने हेतु बैरागढ़ नेत्र अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश।
चोरी के मामले में प्रारंभिक सफलता मिली है। अपराधियों से और भी जानकारी मिलने की संभावना है। उदयसिंह अलावा, टीआई