- Hindi News
- सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पितरोंको तारने सामूहिक तर्पण
सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पितरोंको तारने सामूहिक तर्पण
सर्वपितृमोक्ष अमावस्या पर मंगलवार को परिवारजनों ने अपने पितरों को तारने और उनकी आत्म शांति के लिए विशेष रूप से तर्पण किया। पितरों के निमित्त घरों में खीर-पूड़ी बनाकर धूप-ध्यान किए गए। स्टेशन रोड स्थित मां गायत्री शक्तिपीठ पर सामूहिक रूप से तर्पण, पिंडदान, हवन आदि विधियां की गईं।
सोलह दिवसीय श्राद्ध पक्ष की सबसे महत्वपूर्ण तिथि सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर सुबह से ही पितरों को तारने और उनकी आत्मा को मोक्ष प्राप्त कराने के लिए विशेष तर्पण, पिंडदान, धूप ध्यान, हवन और दान-पुण्य किया गया। इसी कड़ी में स्टेशन रोड स्थित मां गायत्री शक्तिपीठ पर सुबह 8 से 10 बजे तक नि:शुल्क रूप से श्राद्ध तर्पण, पिंडदान, पंचयज्ञ आदि विधियां की गईं। पुरुष वर्ग सहित गायत्री शक्तिपीठ परिवार से जुड़ी कुछ महिलाओं युवतियों ने भी अपने पितरों की आत्मशांति के लिए विधियों में सहभागिता की। गायत्री शक्तिपीठ परिवार के वरिष्ठ सदस्य शैलेंद्र श्रीवास्तव ने मंत्रोच्चार के साथ विधियां पूर्ण करवाईं। इसके बाद उपस्थितजनों ने पितरों सहित देवताओं, ऋषियों, महापुरुषों, वैज्ञानिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सहित ज्ञात-अज्ञात दिवंगतों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। हाट मैदान क्षेत्र स्थित गरासिया घाट पर भी पितरों की शांति के लिए पिंडदान किए गए। ऐसे परिवारजन, जिन्हें उनके पितरों के दिवंगत होने की तिथि ज्ञात नहीं, उन्होंने भी इस दिन अपने पितरों की आत्मशांति के लिए तर्पण और पिंडदान किया।
गायत्री शक्तिपीठ पर सामूहिक तर्पण पिंडदान करते परिवार सदस्य।