- Hindi News
- शांति समिति की बैठक में छाया बिजली कटौती का मुद्दा
शांति समिति की बैठक में छाया बिजली कटौती का मुद्दा
शाजापुर. आगामीत्योहार को शांति और सौहार्द से मनाए जाने के लिए मंगलवार को शांति समिति की बैठक हुई। शाम 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई बैठक में ज्यादातर समय बिजली कटौती का मुद्दा छाया रहा। वरिष्ठों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों को लेकर एतराज जताया। बैठक में मौजूद प्रबुद्धजनों ने त्योहारों पर होने वाले आयोजनों की रूपरेखा बताई। कलेक्टर प्रमोद गुप्ता और एसपी अविनाश शर्मा ने शहरवासियों से त्योहार में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहयोग करने का विश्वास दिलाया। नपा अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, एएसपी महेंद्र तारणेकर, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रामू सर्राफ, दशहरा उत्सव समिति के संयोजक राजकुमार शर्मा, केसरीमल सांकला, रमेश पाटीदार, बालकृष्ण चतुर्वेदी, किरण सिंह ठाकुर, प्रेम यादव, महेंद्र सेंगर, बाबू खां खरखरे, पुरुषोत्तम चंद्रवंशी आदि मौजूद थे।
निंदाप्रस्ताव पारित- मक्सी. त्योहारीसीजन को देखते हुए मंगलवार शाम 5.30 बजे थाना परिसर में शांति समिति की बैठक में समिति के सदस्यों ने बिजली कंपनी के जेई शैलेंद्र कांवर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। बैठक में सभी विभागों के कर्मचारी मौजूद थे। लेकिन हमेशा की तरह इस बार भी जेई कांवर नहीं पहुंचे। इससे नाराज होकर मौजूद सदस्यों ने विरोध जताया और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। सदस्यों ने कहा कि बिजली कंपनी के कर्मचारी त्योहारों की तैयारियों को लेकर गंभीर नहीं हैं। बैठक में एएसपी महेंद्र तारणेकर विशेष रूप से मौजूद थे।
शांतिसमिति की बैठक आज- बेरछा. नवरात्रउत्सव सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर बुधवार को स्थानीय पुलिस थाने परिसर में सुबह 11 बजे शांति समिति की बैठक होगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर विशेष रूप से शामिल होंगे।