- Hindi News
- भोपाल के अधिकारियों की शिकायत जांच शाजापुर के अधिकारियों को सौंपी
भोपाल के अधिकारियों की शिकायत जांच शाजापुर के अधिकारियों को सौंपी
संयुक्तसंचालक उद्यानिकी भोपाल की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्प लाइन में की गई। लेकिन हैरत की बात यह है कि इसकी जांच का जिम्मा शाजापुर के सहकारिता विभाग के उपायुक्त को सौंपी गई है। अब सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर अधिकारी किस हैसियत से मामले की जांच करेंगे।
मुख्यमंत्री हेल्प लाइन में आने वाले शिकायतों का निराकरण करने के लिए तैनात अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को किस तरह से निभा रहे हैं, यह वाकिया इसका एक उदाहरण मात्र है। ग्राम मोडी़ के कृषक पुरुषोत्तम बंसीया ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन में 13 सितंबर को शिकायत क्र. 219784 के जरिये बताया था कि मोडी़ के 550 कृषकों को वर्ष 2013 के धनिये का फसल बीमा की राशि 1 करोड़ 99 लाख 35 हजार 500 रु. आज तक नहीं मिला है। किसानों ने आईसीआई लोम्बार्ड इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से बीमा कराया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि राज्य शासन ने अपने हिस्से का प्रीमियम जमा नहीं कराया है। इस वजह से किसानों को बीमे की राशि नहीं मिल पा रही है। जबकि नियमों के अनुसार 15 मार्च- 14 तक किसानों को प्रीमियम राशि मिल जाना चाहिए थी। शिकायत के पंजीबद्ध होने के बाद हेल्प लाइन के अधिकारियों ने इसकी जांच के लिए उपायुक्त सहकारिता जिला शाजापुर को भेज दिया। उपायुक्त ने आदेश क्र. 1072 के जरिये इसकी जांच अपने सहायक निरीक्षक अशोक बोहरा को सौंप दी। उन्होंने सोमवार 15 सितंबर को मोडी़ पहुंचकर शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। इस मामले में शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम बंसीया के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के क्रियान्वयन के लिए तैनात अधिकारियों की लापरवाही के चलते उन्हें मामले में न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।
^हम तो बीमा देने के लिए तैयार हैं। लेकिन राज्य शासन ने ही अपने हिस्से का प्रीमियम जमा नहीं कराया है। प्रीमियम जमा होने के बाद ही बीमे की राशि का भुगतान किया जा सकता है। राघवेंद्रकुशवाह, क्षेत्रीयमैनेजर, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड
^हां,ये सही है। अभी तक राज्य शासन ने अपने हिस्से का प्रीमियम जमा नहीं कराया है। प्रीमियम जल्द ही जमा करा दिया जाएगा। कमलेंद्रसिंह,सयुंक्तसंचालक, उद्यानिकी विभाग, भोपाल