- Hindi News
- नियमित शिक्षकों की कमी, अतिथियों से परिणाम सुधारने की कवायद
नियमित शिक्षकों की कमी, अतिथियों से परिणाम सुधारने की कवायद
{पुरानी अवधि बढ़ाई, 15 अप्रैल तक व्यवस्था करने की स्वीकृति
{मप्र शासन स्कूल शिक्षा विभाग से आदेश जारी
एजुकेशनरिपोर्टर | शाजापुर
बोर्डपरीक्षाओं के सीजन में प्रदेशभर के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित शिक्षकों की कमी परीक्षा परिणाम बिगाड़ दे, इसे लेकर मप्र शासन स्कूल शिक्षा विभाग गंभीर है। जिसके चलते इन स्कूलों में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों की सेवाएं लेने के लिए पुरानी समयावधि बढ़ाकर अब सत्रांत (15 अप्रैल) तक इनकी सेवाएं लेने के आदेश खुद शासन ने जारी कर दिए हैं।
इस आदेश के बाद शाजापुर, आगर-मालवा जिले के 149 हाईस्कूल हासे स्कूलों में भी अतिथि शिक्षकों की सेवाएं अब सत्रांत तक ली जा सकेंगी। नियमित शिक्षकों की कमी के बाद भी लोकल से लेकर बोर्ड परीक्षाओं की पढ़ाई के माध्यम से तैयारी अतिथि शिक्षक विद्यार्थियों को करवा सकेंगे। प्राप्त जानकारी अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल से हाल ही में यह आदेश-पत्र जारी हुआ है। शासन, प्रशासन और विभाग के 10 से ज्यादा अधिकारियों को पत्र की प्रतिलिपि जारी की गई है। आदेश-पत्र के अनुसार विभागीय समसंख्यक आदेश दिनांक 18 जुलाई-14 द्वारा शा. हाईस्कूल/हासे शालाओं में शिक्षकों के विषयमान से स्वीकृत पदों में से किन्हीं भी कारणों से रिक्त पदों पर शालाओं में नियमित शिक्षक नियुक्त होने तक अथवा 31 दिसंबर-14 तक, जो भी पहले हो, तक के लिए अतिथि शिक्षक की व्यवस्था के लिए लेख किया गया था। अत: राज्य शासन एतद् द्वारा उक्त अवधि में वृद्धि कर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था सत्रांत (15 अप्रैल-15) तक करने की स्वीकृति प्रदान करता है।
जटिलविषयों की पढ़ाई में भी सहारा बनेंगे- बोर्डपरीक्षाओं के सीजन में यह निर्णय प्रदेशभर के ऐसे स्कूलों में खासा राहतभरा रहेगा, जहां सामान्य के अलावा जटिल विषयों को पढ़ाने वाले नियमित शिक्षकों की कमी है। शाजापुर, आगर-मालवा जिले के हाईस्कूल हासे स्कूलों में भी गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसे विषयों की पढ़ाई रिक्त पदों पर तैनात अतिथि विद्वान करवा रहे थे।
आदेश के बाद जिलों के हाईस्कूल हासे स्कूलों में भी अतिथि शिक्षक सत्र खत्म होने तक पढ़ा तो सकेंगे ही, लोकल स्तर की परीक्षाओं के संचालन में भी ये मददगार साबित होंगे। मार्च में बोर्ड परीक्षाएं शुरू होना हैं। ऐसे में फरवरी का पूरा महीना अतिथि शिक्षकों की सेवाएं बोर्ड परीक्षा परिणामों को सुधारने के लिए भी ली जा सकेंगी।
^हाईस्कूल और हासे स्कूलों के विषयमान से रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था अब सत्रांत तक करने की स्वीकृति एक आदेश-पत्र के माध्यम से प्रदान की गई है। शाजापुर, आगर-मालवा जिलों में भी नियमानुसार संस्थाएं उक्त समयावधि तक अतिथि शिक्षकों की सेवाएं ले सकेंगी। बोर्ड परीक्षा की स्कूलों में तैयारी के अलावा लोकल परीक्षाओं के संचालन में इनका सहयोग मिल सकेगा। थॉमसभूरिया, डीईओ