पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नए नियम के विरोध में सराफा बाजार बंद, डेढ़ करोड़ का कारोबार प्रभावित

नए नियम के विरोध में सराफा बाजार बंद, डेढ़ करोड़ का कारोबार प्रभावित

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एकसाथ दो लाख रु. की खरीदी-बिक्री पर पेन कार्ड अनिवार्यता को लेकर बुधवार को जिलेभर के सराफा व्यापारियों ने भी विरोध जताया। सराफा बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। शादी सीजन के समारोह में जिलेभर में करीब 350 सोने-चांदी के कारोबार से जुड़ी दुकानें बंद रहने से डेढ़ करोड़ से ज्यादा का कारोबार एक ही दिन में प्रभावित हो गया।

शाजापुर में इस दिन सराफा व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रखकर सराफा बाजार में ही धरना देकर सरकार के इस नए नियम को व्यावहारिक नहीं मानते हुए सिरे से नकार दिया। देशभर में हुए बंद के आव्हान को लेकर शहर में भी इस दिन सोने-चांदी से जुड़ी 70 दुकानें पूरी तरह से बंद रही। एकसाथ छोटी-बड़ी सभी दुकानें बंद हो जाने से सराफा बाजार में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। 30 लाख से ज्यादा का कारोबार अकेले शहर में प्रभावित हुआ। सराफा एसोसिएशन के बैनर तले सराफा व्यापारियों ने अपने ही कारोबार से जुड़े बाजार में मंच बनाकर धरना दिया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक व्यापारी धरने पर बैठे रहे। धरना प्रदर्शन में सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सर्राफ, हुकुमचंद सोनी, आनंद नवाब, मनोज नवाब, संजय जैन, प्रकाश कोठारी, प्रवीण सोनी, विजय सोनी, मनोहरलाल सोनी, मनीष सोनी, मोंटी सोनी, गिरिराज सोनी, श्याम सोनी, कमल जैन आदि शामिल हुए। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सर्राफ ने बताया शहर सहित जिलेभर में बंद का पूर्णत: असर देखने को मिला है। बंद के माध्यम से सरकार से इस नियम को वापस लिए जाने की मांग की गई है।

नए नियम का खुलकर विरोध इसलिए- पहले एकसाथ 5 लाख रु. की खरीदी-बिक्री पर पेन कार्ड की अनिवार्यता थी। इस नए नियम से उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी होगी जिनके पास पेन कार्ड नहीं है। सराफा व्यापारी भी कारोबार करेंगे या ग्राहकों के पेन कार्ड संभालते रहेंगे।

एक्सपर्ट

कमेंट्स
कुछ हद तक व्यापारियों का तर्क भी सही
सरकार के दृष्टिकोण से बात करें तो सराफा काराेबार में एकसाथ दो लाख रु. की खरीदी-बिक्री पर पेन कार्ड की अनिवार्यता को गलत नहीं कहा जा सकता। कृषक बाहूल्य क्षेत्रों में यदि व्यापारी इस नियम को व्यावहारिक तौर पर कठिनाई भरा मान रहे हैं तो उनका तर्क भी सही है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने मायनों में अपनी-अपनी जगह तर्कसंगत प्रतीत हो रहे हैं। तपन गोयल, सीए

दिनभर सोने-चांदी की दुकानों पर डले रहे ताले।

इन्हें भी नुकसान, ग्राहक हुए परेशान
शादी के सीजन की सराफा से जुड़ी खरीदारी भी शुरू हो चुकी है। बुधवार को विरोधस्वरूप प्रतिष्ठान बंद रखने से एक ओर जहां खुद सराफा व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ा। वहीं सूचना नहीं मिलने पर खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों को परेशान होना पड़ा। गोलवा से सराफा बाजार आए जवान सिंह व इंदर सिंह ने बताया कि घर में बेटी के विवाह के लिए आभूषण खरीदना थे। वह काम भी नहीं हुआ। बाइक से आने-जाने में 100 रु. पेट्रोल खर्च हो गया।

बाजार में धरने पर बैठे सराफा व्यापारी।

खबरें और भी हैं...