दो सड़क दुर्घटनाओं में चार घायल
ज्यादा घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
क्राइमरिपोर्टर | शाजापुर
मक्सी क्षेत्र में शनिवार सुबह दो अलग-अलग दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। दो को मामूली चोट आई। सूचना मिलते ही मक्सी एम्बुलेंस 108 के पायलेट जानकीलाल डॉ. राकेश यादव घटना स्थल पर पहुंचे। घायलों को स्वास्थ केंद्र पर प्राथमिक उपचार दिलाया। ज्यादा चोटिल दो लोगों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
जानकारी देते हुए मक्सी एम्बुलेंस 108 टीम सदस्यों ने बताया पहली दुर्घटना सुबह करीब 9.15 बजे तराना राेड पर कनासिया नाका पुलिया के समीप हुई। चलती बाइक के सामने अचानक एक श्वान के जाने से बाइक तेजी से सड़क पर स्लिप हो गई। बाइक चालक पुंजराज पिता रामचंदर (35) निवासी कनासिया नाका को ज्यादा चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दुर्घटना में उनके 11 वर्षीय बेटे संजय को भी मामूली चोट आई है।
पुंजराज संजय को जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा दिलाने के लिए तराना ले जा रहे थे। दूसरी घटना सुबह करीब 11.50 बजे झोंकर मार्ग पर हुई। आमने-सामने से आ-जा रही दो बाइको में भिड़ंत हो गई। बाइक सवार बाबूसिंह पिता चंदरसिंह (75) को ज्यादा चोट लगने से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि आनंद सिंह पिता हरिसिंह (60) को मामूली चोट आई है।