बिखरी प्यार की महक, विरोध के स्वर भी गूंजे
शहर में रविवार को वेलेंटाइन-डे अपनी-अपनी तरह से सेलिब्रेट किया गया। युवाओं और नवयुगलों ने प्रणय दिवस पर एक-दूसरे को उपहार भेंट किए। योग वेदांत समिति ने इस दिन को मातृ-पितृ दिवस के रूप में मनाकर माता-पिता का पूजन किया तो शिवसेना इकाई युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने रैली निकालने के बाद विरोध स्वरूप बस स्टैंड क्षेत्र में पाश्चात्य संस्कृति का सांकेतिक पुतला फूंका। वसंत की बयार में प्यार की महक बिखरी तो विरोध के स्वर भी गूंजे।
वेलेंटाइन-डे को लेकर शनिवार की तरह रविवार को भी प्रेम और स्नेह के प्रतीक स्वरूप अपनों को उपहार देने के लिए गिफ्ट सेंटरों पर खरीदारी की गई। विरोध के डर से कई युवाओं ने वेलेंटाइन-डे पर प्यार का इजहार वॉट्सएप, फेसबुक पर मैसेज भेजकर भी किया। नव विवाहित जोड़ों ने धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने से लेकर शादी समारोहों में इस डे को सेलिब्रेट किया। कुछ नवयुगलों ने अपने घर पर ही रहकर प्यार के इजहार के लिए एक-दूसरे को उपहार भेंट किए।
पाश्चात्य संस्कृति के विरोध में पुतला फूंका-नगर के शिवसैनिकों ने इस डे को मनाने पर कड़ा विरोध जताया। शिवसेना की इकाई युवा सेना के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने दोपहर एक बजे दुपाड़ा रोड स्थित मां चामुंडा मंदिर से एक वाहन रैली निकाली। रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड क्षेत्र पहुंची। यहां पाश्चात्य संस्कृति के विरोध स्वरूप बनाए सांकेतिक पुतले को फूंका। वेलेंटाइन डे विरोधी नारे लगाकर संस्कृति बचाने का आह्वान युवाओं से किया। इसके पूर्व शहीद राजगुरु, सुखदेव और भगत सिंह को याद करके माता के मंदिर में हवन किया गया। शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। आयोजनों के दौरान शिवसेना जिला प्रमुख दिनेश विश्वकर्मा, युवा सेना जिला प्रमुख विशाल परमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शाजापुर | पुतला फूंककर विरोध जताते शिवसेना इकाई युवा सेना के कार्यकर्ता।
मातृ-पितृ दिवस पर बच्चों ने माता-पिता को पूजा
सुसनेर | समीपस्थ ग्राम कायरा में ग्राम भारती शिक्षा समिति द्वारा रविवार को मातृ-पितृ दिवस मनाया गया। स्कूली बच्चों के द्वारा अपने माता-पिता की पूजा की गई। कार्यक्रम के अतिथि दुलेसिंह पटेल तथा जगदीश राठौर रहे। संचालन फूलचंद गुर्जर ने किया। आभार आत्माराम गोस्वामी ने माना। जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश बैरागी ने दी।
वेलेंटाइन-डे