कर्मचारियों का दल कल से गांव में भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी देगा
कर्मचारियों का दल कल से गांव में भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी देगा
शाजापुर | शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, इंदिरा आवास योजना, साधिकार योजना, जलाभिषेक अभियान की जानकारी देने के लिए कर्मचारियों का दल 16 फरवरी से 16 मार्च तक गांव-गांव भ्रमण करेगा। इसके लिए निर्देश सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को कलेक्टर राजीव शर्मा ने सोमवार को जिला अधिकारियों की समंवय बैठक एवं खंड स्तरीय अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेसिंग में दिए। कलेक्टर शर्मा ने निर्देशित किया है कि दल में कृषि, राजस्व एवं पंचायत विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं। दल एक माह में अपने क्षेत्रों के ग्रामों में जाकर ग्रामीणों को इंदिरा आवास योजना के नियमों, प्रतीक्षा, साधिकार अभियान के तहत की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी देगा।
वहीं जलाभिषेक अभियान की द्वितीय चरण के अंतर्गत ग्रामीणों को खेत, तालाब एवं कुएं बनाने से होने वाले फायदों से अवगत कराएंगे, नलकूप खनन के कारण होने वाले नुकसानों से भी परिचित कराएंगे, ग्रामीणों को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, विद्युत एवं सिंचाई के देयको को समय पर भरने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। वहीं दल गांव-गांव में लोगों को बरगलाकर ठगी करने वालों से सावधान करेंगे। साथ ही सभी ग्रामीणों को 25 मार्च तक शौचालय निर्मित करने के लिए प्रेरित भी करेगा।
तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाने वालों पर कार्रवाई करें-
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मैरिज गार्डन, डीजे संचालकों एवं बैंड वालों की बैठक लेकर उन्हें तेज आवाज में लाउड स्पीकर नहीं बजाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिले में डीजे बजाने पर पूर्व से प्रतिबंध लगा हुआ है। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है तो उस पर सख्त कार्रवाई करें।
सभी कर्मचारी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाए -
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही दो पहिया वाहनों से आने वाले कर्मचारी यदि बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए कार्यालय में आते हैं तो उन्हें कार्यालय में प्रवेश न करने दें। उन्होंने कहा कि हेलमेट वाहन चालकों एवं उस पर बैठे लोगों की सुरक्षा करता है। अतः पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट लगाकर चलाना चाहिए।
गैर शिक्षकीय कार्यों में लगे शिक्षकों को तत्काल मूल संस्थाओं में भेजे -
कलेक्टर शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में जितने भी शिक्षक गैर शिक्षकीय कार्यों के लिए संलग्न किए गए हो उन्हें अपनी मूल संस्थाओं में तत्काल भेजे। शिक्षकों से केवल शैक्षणिक कार्य ही कराएं।
शौचालय नहीं तो वेतन नहीं-
कलेक्टर शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे अधीनस्थ कर्मचारियों को 25 मार्च तक अपने-अपने घरों में शौचालयों के निर्माण के लिए निर्देशित करें। इसके पश्चात भी यदि कर्मचारी शौचालय नहीं बनाता है तो उसका वेतन आहरित न करें। उक्त निर्देश विशेष तौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारियों को दृष्टिगत रखते हुए दिए गए हैं।
मार्च में संतरा उत्सव का आयोजन -
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को निर्देश दिए कि माह मार्च में संतरा उत्सव के आयोजन के लिए तैयारी करें। संतरा उत्सव के आयोजन से संतरा उत्पादक किसानों को फायदा होगा।
………
युटिलिटि न्यूज -