अब एक क्लिक पर सारी जानकारी अपडेट होगी
बगैर कम्प्यूटर डिग्री व डिप्लोमा के शाजापुर के एक कर्मचारी ने इंटरनेट पर विभागीय वेबसाइट बनाकर प्रदेशभर के कर्मचारियों को 24 घंटे अपडेट रहने का रास्ता दिखाया है। प्रभारी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जॉय शर्मा का रिकार्ड देख हाल ही में भोपाल से शाजापुर आए उप संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. प्रमोद चंद्रा भी हैरान रह गए। उन्होंने शर्मा को जिलेभर के कर्मचारियों को इसी तरह डाटा अपडेट करना सिखाने की बात कही। शाजापुर जिले में प्रयोग सफल होने पर उन्हाेंने यह फार्मूला प्रदेशभर में लागू करने की बात कही।
पर्यवेक्षक शर्मा ने अपने स्तर से ही पहले इंटरनेट चलाना सीखा। इसके बाद वेबसाइट बनाकर अपने क्षेत्र के करीब 45 गांवों के स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों सहित अन्य जरूरी जानकारियां जुटाकर सारे डाटा अपलोड कर दिए। ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें फाइलों काे ढूंढने के लिए मशक्कत न करना पड़े। गणित से एमएससी करने वाले शर्मा ने अपना गणित लगाते हुए सारे डाटा अपडेट कर लिए। इससे उन्हें इतनी आसानी हो गई कि कोई भी जानकारी उन्हें एक क्लिक पर मिल जाती है। इतना ही नहीं अपने को मुख्यालय से बाहर या अवकाश पर होने की स्थिति में भी वे मौजूद कर्मचारी को मोबाइल पर वेबसाइट की जानकारी देते हुए अधिकारी द्वारा मांगी जाने वाली सारी जानकारी उपलब्ध करा देते हैं।
प्रयोग सफल होने के बाद प्रदेशभर में लागू होगा फार्मूला- दो दिन पहले शाजापुर आए उप संचालक स्वास्थ्य डॉ. प्रमोद चंद्रा ने कर्मचारी की इस पहल को देख संबंधित से चर्चा की। कुछ जानकारी मांगी और कर्मचारी ने तत्काल उपलब्ध कराई। यह देख वे इतने प्रभावित हुए की उन्होंने पूरे जिलेभर के पर्यवेक्षकों को ऐसे ही अपडेट रहने के निर्देश दे डाले। बाकायदा शर्मा को इसका प्रभारी बनाते हुए जिलेभर के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का जिम्मा भी सौंप दिया।
पहले सिर्फ मेल करना ही याद था- कम्प्यूटर शिक्षा नहीं ले पाने के कारण शर्मा पहले ज्यादा कुछ नहीं जानते थे। उन्हें सिर्फ मेल करना ही याद था। लेकिन सोशल साइट को देख उन्हें इसको अपने काम में उपयोग करने की सूझी और उन्होंने गूगल से फ्री-साइट स्पेस वाले डाॅमिन का रजिस्ट्रेशन किया। ऑनलाइन निर्देशों को पढ़कर उन्होंने विभाग की तमाम जानकारी अपलोड कर दी।
वेबसाइट को दिखाते जाॅय शर्मा।
यह मिला फायदा
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ज्यादातर समय फील्ड में काम करते हैं। ऐसे में हर समय अपने साथ विभाग की सारी जानकारी साथ रखना मुश्किल होता है पर अब उनकी साइट पर हर समय पूरी जानकारी अपडेट रहती है। वे अपने मोबाइल से ही साइट खोलकर संबंधित अधिकारी या अन्य साथी कर्मचारी को जानकारी उपलब्ध करा देते हैं। शर्मा के इस नवाचार की डॉ. चंद्रा ने भी तारीफ करते हुए जिले के अन्य पर्यवेक्षकों से भी इसे फाॅलो करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक द्वारा बनाई गई साइट को प्रदेश स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हंै। जिले के अन्य कर्मचारियों को अपडेट करने के बाद इस नवाचार को प्रदेशभर में भी लागू किया जा सकता है। उप संचालक स्वास्थ्य ने भी जिलेभर में प्रयोग सफल होने के बाद ऐसे ही काम प्रदेशभर में शुरू करने का भरोसा दिलाया है। डॉ. अनुसुइया गवली, सीएमएचओ, शाजापुर
नई सोच