विश्वभर में फैली है भारत की महत्ता
मां हरसिद्धि भक्तमंडल की व्याख्यानमाला में डॉ. वैदिक ने कहा, आज संत वर्षा नागर संबोधित करेंगी
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
विश्वभर में भारत की महत्ता फैली हुई है। कई देशों के भ्रमण के दौरान जब मैंने वहां भारत के बारे में वहां के लोगों से जानने का प्रयास किया तो बड़ी रोचक बातें सामने आई। अमेरिका से लेकर चीन और अफगानिस्तान हर देश में भारत को कई नामों से जाना जाता है। चीन में हिंद या हिंदू राष्ट्र के नाम से जाना जाता है।
यह बात रविवार रात करीब 9 बजे गांधी हॉल में दिल्ली से आए वरिष्ठ चिंतक एवं पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक ने कही। मां हरसिद्धि भक्त मंडल द्वारा संतोष त्रिवेदी की स्मृति में आयोजित व्याख्यानमाला में पहले दिन डाॅ. वैदिक ने वर्तमान राजनीति की दशा और दिशा विषय पर व्याख्यान दिए। इस दौरान उन्होंने भारत की विश्वभर में फैली महत्ता और विशेषता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इससे पहले रेस्ट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में चर्चा करते हुए देश की राजनीतिक विचारधारा में परिवर्तन करने की बात कही। इस दौरान अशोक चावड़ा, विकास दवे, कलेक्टर राजीव शर्मा, डॉ. सागरमल जैन सहित बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्धजन मौजूद थे। दो दिनी व्याख्यानमाला में सोमवार को संत वर्षा नागर वर्तमान परिवेश में नारी की भूमिका (चुनौतियां और अपेक्षाएं) विषय पर व्याख्यान देंगी। जानकारी मंडल संयोजक हेमंत टेलर व मनोहर राय ने दी।
व्याख्यानमाला में मौजूद शहरवासी। इनसेट संबोधित करते डॉ. वेदप्रताप वैदिक।