सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुआ वसंतोत्सव
वसंत ऋतु के आगमन एवं ज्ञान की देवी सरस्वती की पूजा-अर्चना का त्योहार वसंत पंचमी शुक्रवार को उल्लास के साथ मनाया गया। गायत्री शक्ति पीठ पर हवन कर मां सरस्वती का पूजन किया गया। तो मां शारदा ग्रुप ने चुनरी यात्रा निकाल कर राजेश्वरी माता को चुनरी चढ़ाई। वहीं स्कूलों में भी सुबह से मां सरस्वती का आकर्षक शृंगार कर पूजन किया गया। इधर वैष्णव मंदिरों में फाग उत्सव की शुरूआत भी वसंत पंचमी के साथ हो गई। इसके चलते मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया। तिथि व नक्षत्रों के चलते वसंत पंचमी का उत्सव शनिवार को भी मनाया जाएगा। कई मंदिरों में आज भी विशेष पूजा अर्चना कर भक्त मां सरस्वती से ज्ञान का वरदान मांगेगें।
राधाकृष्ण मंदिर पर हुआ वसंत शृंगार- वजीरपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर में वसंत पंचमी के अवसर पर प्रभुश्री का आकर्षक शृंगार किया गया। मंदिर को फूलों व आम के बोर सहित सरसो की बालियों से सजाया गया। यहां मंदिर में विराजित सरस्वती की मूर्ति का अभिषेक व पूजन के बाद प्रसाद वितरण हुआ। पं. शिवनारायण चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार करीब 10.12 मिनट से पंचमी तिथि लगी है जो शनिवार 10.12 मिनिट तक रहेगी। लेकिन पंचमी और छठ का महत्व नहीं रहता, इस कारण शुक्रवार को की वसंत पंचमी मनाई गई। इस दौरान मंदिर में भजन कीर्तन का दौर चला।
शारदा ग्रुप ने निकाली चूनर यात्रा-वसंत पंचमी के अवसर पर नगर के मां शारदा ग्रुप ने गायत्री शक्ति पीठ से सुबह करीब साढ़े 10 बजे चुनरी यात्रा निकाली। यात्रा के पहले ग्रुप के सभी सदस्यों ने शक्तिपीठ पर मां सरस्वती का पूजन किया। यात्रा महूपुरा, किला रोड, आजाद चौक, नई सड़क, बस स्टैंड होते हुए मां राजराजेश्वरी देवी माता मंदिर पहुंची। यात्रा में युवा व महिलाएं धार्मिक पताकाएं लेकर चल रही थी। इस अवसर पर पीले फल व केसर भात का प्रसाद का वितरण भी किया।
गायत्री शक्तिपीठ में पुस्तक मेले का शुभारंभ- शुक्रवार सुबह से ही गायत्री शक्ति पीठ में पूजन-हवन शुरू कर दिया। करीब साढ़े 7 बजे से लेकर 10 बजे अनुष्ठान चले। गायत्री परिवार के जिला सचिव शेलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस अवसर पर पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया। करीब 10 बजे शुरू हुए मेले में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। दोपहर करीब 1 बजे कलेक्टर राजीव शर्मा ने भी मेले में पहुंच कर साहित्य खरीदे।
बच्चों ने की मां सरस्वती की पूजा-वजीरपुरा स्थित युनिवर्सल पब्लिक स्कूल में वसंत पंचमी का उत्सव उत्साह के साथ मनाया। सुबह से ही बच्चे पीले रंग के कपड़े पहनकर स्कूल पहुंचे। यहां बच्चों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में मां सरस्वती का पूजन कर ज्ञान का वरदान मांगा। इधर मास्टर माइंड स्कूल सहित अन्य स्कूलों में शनिवार को सरस्वती पूजन किया जाएगा।
जैन समाज ने किया मणिभद्र हवन-आगर-मालवा | वसंत पंचमी पर इस वर्ष भी मूर्तिपूजक जैन श्रीसंघ ने मुनि विरक्तसागर जी मसा आदि ठाणा-2 एवं साध्वी अमितगुणा श्रीजी मसा आदि ठाणा-12 की निश्रा में गोपाल मंदिर चौक स्थित श्री अजीतनाथ मंदिर में संगीतकार व विधिकारक हर्षद भाई उन्हेल द्वारा मणिभद्र हवन पूजन कराया गया। पूजन में समाज के 15 जोड़ों ने भाग लिया। पूजन के बाद 108 दीपों से मणिभद्र देव की आरती की गई। आरती का लाभ पवन कुमार प्रेमचंद जैन लाड़वा राठौर परिवार ने लिया। मूलनायक भगवान की आरती का लाभ नेमीचंद छापेड़ा परिवार द्वारा लिया एवं मंगलदीवा का लाभ समाज अध्यक्ष सुरेंद्र मारू परिवार ने लिया। इस दौरान मणिभद्र देव के पूजा व पुष्प चढ़ाने की बोली का लाभ कोठारी परिवार ने लिया। इसके नए उपाश्रय में आचार्य श्री नवर|सागर जी मसा की आत्मशांति के लिए आयंबिल तप की आराधना की गई। शाम 4 बजे मुनिश्री एवं साध्वीश्री ने पिपलोन के लिए विहार किया। जानकारी समाज के अशोक नाहर ने दी।
ब्राह्मण सेवा न्यास आज करेगा सरस्वती पूजन- वसंत पंचमी अवसर पर ब्राह्मण समाज सेवा न्यास द्वारा शनिवार को नृसिंह मंदिर में सरस्वती का पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उपाध्यक्ष राधारमण पंड्या ने समाज एवं शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है।
रंथभंवर | वसंत पंचमी पर शा.उ.मा.वि संकुल रंथभंवर में संकुल प्राचार्य एच.सी.गेहलाद सहित शिक्षकों ने सरस्वती का पूजन किया। माता को पीले पुष्प चढाएं। इस अवसर पर जनशिक्षा केंद्र के अंतर्गत विद्यालय के शिक्षक आनंदीलाल पाटीदार, माखणसिंह कराड़ा, नागेश्वर नागर, जनशिक्षक एमएल डोर आदि समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहे। वहीं संकुल रंथभंवर से जानकारी के अनुसार शुक्रवार को संकुल रंथभंवर पर दो दिवसीय एसएमसी का एमएसपीएस के सभी सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण हुआ।
गुलाना/बोलाई | वसंत पंचमी पर्व पर शा.आदर्श उ.मा.वि.गुलाना में मां हंसवाहिनी वीणावादिनी के चित्र पर माल्यार्पण कर सरस्वती वंदना के साथ वसंत उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संस्था प्रभारी प्राचार्य राजेश कुमार पाटीदार के साथ विद्यालयीन शिक्षक स्टाफ व छात्र/छात्राएं मौजूद थे। इसी प्रकार बोलाई में यह कार्यक्रम आशा.एम जी.पब्लिक स्कूल में नन्हे मुन्हे बालमनुहारों द्वारा मनाया गया। सर्वप्रथम संस्था प्रमुख लाखन सिंह जादौन, संस्था प्रधानाचार्य रईस शेख ने सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए मां शारदे का जन्मोत्सव मनाया गया।
सुसनेर | नवीन प्राथमिक विद्यालय इतवारिया पांच पुलिया पर वसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्यालय में प्रार्थना में पश्चात छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया और पूजा-अर्चना की। प्राधानाध्यापिका अनिता जैन ने मां सरस्वती के पूजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंजुला जैन, उषा जैन, कविता सोलंकी, शमीना खान आदि मौजूद थे।
सत्तर भेदी पूजा के साथ ध्वजा चढ़ाई
नलखेड़ा | नगर के जैन श्वेतांबर चंदाप्रभु मंदिर में वसंत पंचमी के अवसर पर ध्वजा चढ़ाई गई। मंदिर में सुबह 10.30 बजे हेमप्रभा महिला मंडल द्वारा सत्तर भेदी पूजा कराई गई। दोपहर 12.39 बजे शुभ मुहूर्त में स्व. केशरीमल व स्व. चंदाबाई बडेरा परिवार की ओर से ध्वजा चढ़ाई गई। इस अवसर पर श्रीसंघ की ओर से प्रभावना वितरित की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
गुलाना | सरस्वती पूजन करते शिक्षक।
रंथभंवर | स्कूल में पूजा के बाद प्रार्थना करते शिक्षक व अन्य।
आगर-मालवा | मणिभद्र हवन करते समाजजन।
शाजापुर | वजीरपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर फूलों से सजाया गया।