बगैर हेलमेट बाइक चलाते डॉक्टर, पुलिस पर कार्रवाई
जनप्रतिनिधि रुतबा बताकर निकले, चालान से बचने के लिए मौके पर ही खरीद लिए हेलमेट
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
बाइक चलाने वालों को समझाइश देने वाले प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को ट्रैफिक पाइंट एबी रोड पर ट्रैफिक पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग के अमले ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को धरदबोचा। कुछ के चालान कटे तो कुछ ने हाथों हाथ हेलमेट खरीद लिए। कार्रवाई के दौरान डॉक्टरों व पुलिस अधिकारी पर भी चालानी कार्रवाई की गई। लेकिन जनप्रतिनिधि (नेता) रुतबा दिखाकर वहां से निकल भागे। बाइक चालकों पर कार्रवाई के साथ वाहनों में घरेलू गैस का उपयोग करने वाले ऑटो चालकों के प्रकरण भी बनाए गए।
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे आरआई अाशीष तिवारी, ट्रैफिक पुलिस प्रभारी पीके व्यास व खाद्य आपूर्ति विभाग के मोहन मारू, आरटीओ ज्ञानेंद्र वैश्य अमले के साथ सड़कों पर उतरे। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी। एक के बाद एक बाइक सवार धराते गए। इस दौरान डॉ. बीएस मैना व पुलिस अधिकारी उधमसिंह भी बिना हेलमेट लगाए वहां से गुजर रहे थे। अमले ने इन्हें भी पकड़ा और चालानी कार्रवाई कर दी। करीब 2 घंटे चली कार्रवाई में 30 लोगों के चालान हेलमेट नहीं पहनने पर काटे तो 2 आॅटो चालकों दिलीप परमार और आरिफ खान पर रसोई गैस का उपयोग करने का प्रकरण बना, वाहन थाने के सुपूर्द कर दिए। कार्रवाई से जहां वाहन चालकों में हड़कंप मंच गया। इससे कुछ वाहन चालक गांधी हॉल के रास्ते भाग खड़े हुए। इस दौरान कुछ छुट भय्या नेता भी धरा गए जो कार्रवाई कर रहे अमले पर अपने बड़े नेताओं को रौब झाड़ते रहे पर सख्ती के चलते सभी पर कार्रवाई हुई।
हाथों हाथ बिके हेलमेट
ट्रॉफिक पाइंट के समीप एबी रोड पर हो रही चालानी कार्रवाई से बचने के लिए लोगों ने हाथों हाथ हेलमेट भी खरीद लिए। पुलिस एक तरफ कार्रवाई कर रही थी तो दूसरी तरफ पेट्रोल पंप पर हेलमेट बेचने वाले की चांदी हो गई। पुलिस ने भी हेलमेट खरीदने वालों को अपनी कार्रवाई में राहत दी।
साफे पर हेलमेट कैसे पहनू
चालानी कार्रवाई के दौरान एक रोचक वाक्या भी हुआ। ग्राम पिपलिया इंदौर के भागीरत जाट को अमले ने पकड़ लिया। जाट ने बड़ा सा साफ पहन रखा था पर पुलिस उससे हेलमेट नहीं लगाने पर चालान काट रही थी। इस पर वह अधिकारियों के सामने अड़ गया। जाट ने कहा कि पगड़ी पर हेलमेट कैसे लगाउ। करीब 20 मिनिट तक वो अधिकारियों से बहस करता रहा।
इधर कृषि मंडी में आज से देंगे समझाइश
शाजापुर. कृषि मंडी में आने वाले लोगों को सीसीटीवी में देखकर गेट पर ही रूकवा दिया जाएगा। गेट पर ही मंडी कर्मचारी दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने की समझाइश देंगे। हेलमेट जागरुकता के लिए शुक्रवार से इसकी शुरूआत की जाएगी। उपजन की बोली के समय किसानों को और कार्यालय में आने वाले व्यापारियों को जानकारी देकर हेलमेट लगाने के लिए मंडी कर्मचारी प्रेरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि अभी बिना हेलमेट पहने दो पहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों से पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। मंडी सचिव पुरषोत्तम शर्मा ने बताया कि इसके लिए मंडी में एनाउंसमेंट और सूचना का चस्पा भी किया जाएगा ताकि लोगों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
……….