शाजापुर के पूर्व सीएमओ पर 5 हजार का जुर्माना
जनवरी में ही शाजापुर नपा से स्थानांतरित होकर आष्टा सीएमओ बने के.एल. सुमन पर गुरुवार को एसडीएम मीनाक्षीसिंह ने 5 हजार रु. का जुर्माना ठोक दिया। जुर्माना राशि वसूलने के लिए आदेश की कॉपी आष्टा ट्रेजरी कार्यालय भी भेज दिया है। जहां से उक्त राशि की वसूली की जाना है। उक्त राशि का 50 प्रतिशत अपीलकर्ता को भुगतान किया जाना है। तत्कालीन सीएमओ पर यह कार्रवाई समग्र आईडी नंबर देने में लापरवाही करने पर की है। प्रभारी लोक सेवा प्रबंधक बीरमसिंह सौंधिया ने बताया कि आवेदक फरीदा बी पति आजाद शाह निवासी मनिहारवाड़ी ने समग्र आईडी नंबर नहीं मिलने के कारण श्रम विभाग में पंजीयन नहीं होने का अनुरोध एसडीएम कार्यालय में किया। इस पर एसडीएम ने पदाभिहित अधिकारी सीएमओ को उक्त मामले में आवेदक का आइडी नंबर देने के लिए 13 अगस्त-15 को निर्देश दिए। बाद में 11 सितंबर-15 को पुन: आदेश जारी कर 7 दिन में आईडी नंबर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लेकिन 18 सितंबर तक सुमन ने यह नहीं किया। बाद में करीब 20 दिन देरी से आईडी नंबर उपलब्ध कराए गए। इस कारण श्रमिक का पंजीयन 8 अक्टूबर को हाेकर 19 अक्टूबर को उसे पंजीयन मिल सका। इसी लापरवाही पर प्रथम अपीलीय अधिकारी व एडीएम मीनाक्षीसिंह ने सीएमओ सुमन पर लोक सेवाओं की गारंटी अधिनियम के तहत 5 हजार रुपए का जुर्माना लगा दिया है।
ज्ञात रहे फिलहाल सुमन आष्टा नगर पालिका में सीएमओ पद पर कार्यरत है।