कबड्डी में भदौनी की टीम ने बाजी मारी, झोंकर उपविजेता
कबड्डी में भदौनी की टीम ने बाजी मारी, झोंकर उपविजेता
शाजापुर | स्टेडियम के कबड्डी कोर्ट पर गुरुवार को खिलाड़ियों के बीच जमकर जोर-आजमाइश हुई। प्रतियोगिता में शाजापुर विधानसभा क्षेत्र से 16 टीमें आमने-सामने थी। करीब 200 खिलाड़ियों ने पसीना बहाया। 7 घंटों तक प्रतियोगिता चली। आखिरी दौर में ग्राम भदौनी की टीम ने झोंकर की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा किया। मक्सी की टीम तीसरे स्थान पर रही। तीनों टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विधायक अरूण भीमावद ने विधायक कप से नवाजा। विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय पर पहली बार विधायक कप के तहत विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय खेल कबड्डी के लिए इस दिन यहां प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। सुबह करीब 11 बजे प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत क्षेत्रीय विधायक भीमावद, पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण पाटीदार, सीसीबी बैंक अध्यक्ष शिवनारायण पाटीदार, पूर्व नपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत माहेश्वरी, एएसपी महेंद्र तारनेकर ने की।
प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झोंकर, लाहोरी, मक्सी, भदौनी, मो. बडो़दिया, भरड़, लडा़वद, बक्सूखेडी़, बड़ोदी, शाजापुर आदि स्थानों से टीमें पहुंची थी। मैच देखने के लिए कई जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और खिलाड़ी भी यहां पहुंचे। प्रतियोगिता समापन समारोह में कलेक्टर राजीव शर्मा, एसपी अनिल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रथम, द्वितीय, तृतीय रही टीमों को पुरस्कार के रूप में विधायक कप सहित किट वितरित की गई।
प्रतियोगिता संपन्न कराने में बी.एस. कराड़ा, योगेश मालवीय, उमेश देथलिया, हुकमसिंह परमार, वेदप्रकाश परमार, रामस्वरूप पाटीदार, अमिता पोखरना, सुरेश सोनी, जितेंद्र शर्मा, गजेंद्र गोले, मनोज वशिष्ठ आदि का सहयोग रहा। संचालन हेमंत दुबे ने किया। आभार जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के उप संचालक बी.एल. चोरगले ने माना।