वसूली के लिए नोटिस देने पर बैंक प्रबंधक को जातिसूचक शब्द कहे
मीरकलां निवासी भाइयों को नोटिस दिया तो गुस्साए
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
बैंक वसूली के लिए नोटिस देने पर देना बैंक के प्रबंधक विमल बैरवा को शाजापुर के दो भाइयों ने दफ्तर में जाकर ही धमकाने का मामला सामने आया है। अपने कार्यालय में स्टाफ के सामने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अभद्रता करने के मामले में प्रबंधक दोनों भाइयों के खिलाफ अजाक थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बैंक प्रबंधक बैरवा ने बताया कि मीरकला बाजार निवासी दो भाई मुकेश कुमार सोनी व अक्षयकुमार सोनी दोनों के पिता मोहनलाल सोनी ने मिलकर बैंक से करीब 6 लाख रुपए का लोन लिया है। इसकी वसूली के लिए हमने कई बार उन्हें सूचना दी। नोटिस भी जारी किए गए। लेकिन संबंधितों ने उक्त राशि जमा नहीं कराई। इसी को लेकर बैंक के नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधितों को प्लॉट नीलामी के लिए नोटिस दिया गया। इससे गुस्साए युवकों ने 4 फरवरी की रात 9.30 बजे मोबाइल पर मेरे साथ गाली-गलौच की। इस मामले में इसी रात को मैने लालघाटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन 5 फरवरी की सुबह जब मैं बैंक पहुंचा तो वहां आकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौच की और धमकी की। मैंने 5 फरवरी को ही अजाक थाने में आवेदन दिया था। मामले में अजाक डीएसपी पी.एस. भदौरिया ने बताया जांच के बाद बुधवार शाम अजाक थाने में मुकेश सोनी व अक्षयकुमार सोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।