पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोकल परीक्षा के पेपर कड़ी सुरक्षा के बीच थानों पर पहुंचे

लोकल परीक्षा के पेपर कड़ी सुरक्षा के बीच थानों पर पहुंचे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बोर्ड जैसी निगरानी के बीच शनिवार को लोकल कक्षा 9वीं-11वीं के प्रश्न पत्रों का वितरण समन्वय संस्था शासकीय उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक 1 से हो गया। जिलेभर के शासकीय हाई व हायर सेकंडरी स्कूल के संस्था प्रभारियों को लिफाफे में बंद प्रश्न पत्र उपलब्ध करा दिए। इन प्रश्न पत्राें को संस्था प्रभारियों ने अपने थाना क्षेत्रों में जमा कर सीलबंद कर लिए हैं। पेटी का ताला अब परीक्षा वाले दिन परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही खुलेगा। लोकल की कक्षा 9वीं व 11वीं की परीक्षाएं मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी।

सुबह करीब 10.30 बजे से ही प्रश्न पत्रों को वितरण शुरू हो गया। प्राचार्यों को बारीकी से जांच कर परीक्षा सामग्री सौंपी गई। इसके बाद प्रश्न पत्रों को संबंधित थानों में जमा भी कराकर जिम्मेदारों ने विभाग को इसकी ओके रिपोर्ट वाट्सएप पर अपने अधिकारियों को भी दे दी। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं और 11वीं के करीब 15 हजार बच्चों की परीक्षा बोर्ड की तर्ज पर होना है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां भी बोर्ड परीक्षाओं जैसी ही की है। परीक्षा सामग्री से लेकर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था तक सबकुछ जिम्मेदारों की निगरानी में ही होगा। परीक्षा के बाद कापियों का मूल्यांकन भी दूसरे स्कूल में किया जाएगा। परीक्षा के प्रश्न पत्रों को लेने पहुंचे 96 केंद्रों के प्राचार्य ने सामग्री का अवलोकन कर थाने में जमा करा दिए हैं।

लोकल में 15, बोर्ड कक्षाओं के करीब 11 हजार बच्चे देंगे परीक्षा- बोर्ड और लोकल परीक्षा एक साथ कराना विभाग के लिए भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। दोनों की अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा कराने के साथ ही दोनों शिफ्टों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाने तक हर मामले में विभागीय अधिकारियों को माथापच्ची करना पड़ेगी। लोकल की कक्षा 9वीं व 11वीं को मिलाकर करीब 15 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। इसी तरह बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं में भी करीब 11 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

इस बार 2 मार्च से लोकल और बोर्ड साथ-साथ
स्कूली परीक्षा के इतिहास में पहली बार इस साल बोर्ड और लोकल परीक्षाएं एक साथ होगी। बोर्ड की परीक्षा 2 मार्च से शुरू हो जाएगी और इसी दौरान मार्च के पहले सप्ताह में ही 9वीं-11वीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएगी। हालांकि दोनों परीक्षाओं का अलग-अलग सुबह व शाम की शिफ्ट में तय किया है। बोर्ड कक्षाओं की परीक्षा का समय सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक रहेगा। इसी दौरान दोपहर की शिफ्ट में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक 9वीं और 11वीं की परीक्षा आयोजित की जाना है। उत्कृष्ट स्कूल के व्याख्याता दिनेशचंद्र सोनी ने बताया कि 2 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं में 20 मार्च तक सभी प्रमुख विषयों की परीक्षा हो जाएगी। इसके बाद अतिरिक्त विषयों की परीक्षा अप्रैल के पहले सप्ताह में समाप्त हो जाएगी।

प्रश्न पत्र सुरक्षा के साथ थाने पहुंचा दिए हैं
लोकल कक्षाओं के प्रश्न पत्र पूरी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ संबंधित थानों में पहुंचा दिए गए हैं। जो परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही खुलेंगे। बोर्ड कक्षाओं के साथ ही उसी की तर्ज पर इस बार लोकल कक्षाओं की परीक्षा आयोजित होना है। विवेक दुबे, जिला परीक्षा प्रभारी

परीक्षा सामग्री का वितरण करते परीक्षा अधिकारी।

खबरें और भी हैं...