दूसरे दिन भी रहवासियों ने चक्काजाम किया
शाम करीब 7 बजे हुआ हंगामा 15 से 20 मिनट तक चला
भासं.शाजापुर|एक दिनपहले गुरुवार रात को विरोध जताने के बाद भी रेलवे स्टेशन रोड पर भारी वाहनों का निकलना बंद नहीं हुआ और गुस्साए रहवासियों ने शुक्रवार को फिर चक्काजाम कर दिया। क्षेत्र के दर्जनों रहवासी सड़क पर जमा हो गए और करीब 15-20 मिनट तक सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची और रहवासियों को समझाइश देकर व्यवस्था सुधारने के लिए एक दिन का समय मांगा, तब जाकर कहीं मामला शांत हुआ।
हंगामा दूसरे दिन भी भारी वाहन से दुर्घटना होने के कारण उपजा। जानकारी के मुताबिक शाम करीब 7 बजे एक युवक मनोज कटारिया निवासी शाजापुर की बाइक दुकान के सामने खड़ी थी। तभी वहां से निकल रहे एक ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसी को लेकर रहवासी विरोध में खडे़ हो गए और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। दर्जनों रहवासी हाईवे के समीप से स्टेशन की ओर गए रोड वाले चौराहे पर जमा हो गए और यहीं से भारी वाहनों को रोक दिया। इस कारण हाईवे पर भी जाम की स्थिति बनने लगी। सूचना मिलते ही टीआई ब्रजेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रहवासियों से चर्चा कर मामला शांत कराया। टीआई मिश्रा ने रहवासियों को एक दिन बाद व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिलाया है।
लोगों को समझाइश देते पुलिस जवान।
विरोध के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था