महात्मा गांधी की त्रयोदशी आज, जुटे हजारों अनुयायी
भास्कर संवाददाता | श्योपुर/मानपुर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की त्रयोदशी 12 फरवरी को रामेश्वर धाम त्रिवेणी संगम पर मनाई जाएगी। दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले सद्भावना सम्मेलन में सुप्रसिद्ध गांधी विचारक एसएन सुब्बाराव मुख्य अतिथि रहेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश के कोने-कोने से गांधी जी के अनुयायियों के जुटने का क्रम गुरुवार को शुरू हो गया।
वहीं गांधी विचार मंच ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच बनाने का काम दिनभर चला। सन् 1948 से लगातार जारी बापू की तेरहवीं के इस आयोजन में इस बार पहली मर्तबा कई प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी।
जिला मुख्यालय से 37 किलोमीटर दूर चंबल, बनास एवं सीप नदियों के त्रिवेणी संगम के लिए विख्यात रामेश्वर धाम में 12 फरवरी 1948 को महात्मा गांधी की अस्थियां विसर्जित की गई थी। तभी से गांधी विचार मंच द्वारा इस दिन को बापू की त्रयोदशी के रूप मेंं मनाया जा रहा है। गांधी विचार मंच के सचिव कैलाश पाराशर ने बताया कि त्रिवेणी संगम के किनारे शुक्रवार को सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ दोपहर 12 बजे सद्भावना सम्मेलन प्रारंभ होगा। जिसमें लोगों को शांति, सद्भाव और स्वच्छ वातावरण निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा। इस मौके पर दो हजार लोगों के लिए सहभोज भी रखा गया है।
महात्मा गांधी की त्रयोदशी के लिए गुरुवार को त्रिवेणी संगम के किनारे मंच बनाने का काम दिनभर युद्धस्तर पर चला। इसके साथ भाई जयसिंह जादौन के साथ गांधी विचार मंच के कार्यकर्ताओं के अग्रिम दस्ते ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का मोर्चा संभाल लिया । मानपुर ग्राम पंचायत द्वारा कार्यक्रम स्थल की साफ सफाई के बाद टेंट शामियाने लगाने का काम युद्धस्तर पर चला। वहीं हलवाइयों ने मानपुर में रसोई की कमान संभाल ली। हलवाई कन्नू गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए दो हजार लोगों का भोजन तैयार किया जा रहा है।
रामेश्वर धाम पर बापू की त्रयोदशी के लिए टेंट शामियाने लगाते मजदूर।
यह पहली बार होगा
कार्यक्रम स्थल पर खादी निर्मित वस्त्रोंं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
गांधी दर्शन यात्राएं तथा सर्वोदयी सम्मेलनों के फोटो की प्रदर्शनी लगेगी।
अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से पुस्तक मेला एवं नशामुक्ति प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
महात्मा गांधी सेवा आश्रम द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं पोषण आहार पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
श्रद्धांजलि