- Hindi News
- अंचल में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, सर्द हवा ने बढ़ाई ठिठुरन
अंचल में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, सर्द हवा ने बढ़ाई ठिठुरन
वेस्टर्नडिस्टर्बेंस के असर के चलते शहर समेत जिलेभर में दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी कई जगह बारिश के साथ ओले गिरे। ओलावृष्टि से रघुनाथपुर, श्यामपुर और कराहल क्षेत्र में फसलों को काफी क्षति पहुंची है। इस बीच पनवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से 14 गायों की मौत हो गई। किशोरपुरा में भी आकाशीय बिजली गिरीं। मौसम विभाग ने अभी दो दिन और मौसम ऐसा ही रहने की संभावना बताई है। बदले मौसम के साथ तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। ठंड के चलते लोग घरों में दुबक गए हैं। वहीं बारिश के साथ रास्ते कीचड़ से लथपथ होने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।
कराहल से दो किलोमीटर दूर ग्राम पनवाड़ा में शुक्र-शनिवार की रात तीन बजे रामदयाल यादव के बाड़े में आकाशीय बिजली गिरने से इसकी चपेट में गायों का झुंड गया। इनमें 14 गायों की मौत हो गई। जबकि कई गाय और बछड़े झुलसने से घायल हो गए। जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर ग्राम किशोरपुरा में नौ बजे के लगभग तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गांव में नीम के पेड़ पर गिरीं। बिजली गिरने के बाद पेड़ में आग लग गई।
कराहल में सर्वाधिक 23 मिमी बारिश
पिछले24 घंटे के दौरान जिले में 8.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। इसमें सर्वाधिक कराहल में 23 मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे कम विजयपुर में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि श्योपुर में 2.0 मिमी बारिश हुई।
शहर के फक्कड़ चौराहे पर बंूदाबांदी के दौरान छाता लगाकर जाते बच्चे।