मजदूरी करने आया युवक ले उड़ा ट्रैक्टर
श्योपुर | देहातथाना क्षेत्र के रायपुरा गांव से एक युवक ट्रैक्टर चुरा ले गया। युवक बिहार से यहां मजदूरी करने आया था। खास बात यह है कि पुलिस ने चोरी के तीन घंटे बाद ही ट्रैक्टर को बरामद कर लिया और आरोपी चोर को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी अशोक सिंह भदौरिया ने बताया कि रायपुरा गांव से शुक्रवार दोपहर 2 बजे अविनाश कंषाना के ईंट भट्टे से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। अविनाश ने तत्काल देहात पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट की। इसके बाद देहात एसओ रामवीर सेंथिया ने फोर्स के साथ इलाके मेंं घेराबंदी कर दी। तीन घंटे बाद पुलिस ने शाम छह बजे ट्रैक्टर को बर्धा गांव के पास से बरामद कर लिया। इस दौरान ट्रैक्टर को चुराने वाले महफिल खान निवासी पूर्णिया बिहार को भी दबोच लिया गया। एसडीओपी भदौरिया के मुताबिक आरोपी युवक यहां मजदूरी करने आया था। इस दौरान उसने ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।