बेटों से मिलने गांव जा रहा वृद्ध चलती ट्रेन से गिरा
श्योपुर | नैरोगेज रेल लाइन पर रविवार को श्योपुर से सबलगढ़ जा रही 52178 अप पैसेंजर ट्रेन से गिरकर एक वृद्ध यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दांतरदा और गिरधरपुर स्टेशन के बीच हुआ।
हादसे के कारण ट्रेन करीब एक किलोमीटर दूर से लौटी तथा घायल को इलाज के लिए गिरधरपुर रेलवे स्टेशन पर ले जाने के बाद एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार जिले के ग्राम सुठारा निवासी हरेतलाल पुत्र मुरलीधर शर्मा (70) श्योपुर शहर में रहता है। बोगी में सीट नहीं मिलने के कारण हरेतलाल गेट के पास बैठ गया।
जब दांतरदा और गिरधरपुर रेलवे स्टेशन के बीच चकबमूलिया गांव के पास चल रही थी, तभी वह गिर पड़ा। यात्रियों ने शोर मचाने से ट्रेन रुकी। घायल को लेने के लिए ट्रेन को बेक में चलाकर एक किलोमीटर पीछे लाया गया।