भारतीय किसान संघ की आमसभा आज
श्योपुर | किसानोंकी ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आमसभा का आयोजन रखा गया है। आमसभा के बाद मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। इस सिलसिले में सोमवार को किसान संघ के पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर किसानों से श्योपुर पहुंचने का आह्वान किया।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रमेशचंद गुप्ता ने बताया कि 23 सितंबर मंगलवार को शहर के गांधी पार्क पर दोपहर 12 बजे आमसभा होगी। सभा को संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रामाधार शर्मा प्रमुख रूप से संबोधित करेंगे। आमसभा के पश्चात गांधी पार्क से रैली के साथ किसान कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को देंगे। आमसभा को सफल बनाने के लिए संघ के कई पदाधिकारियों ने सोमवार को बड़ौदा, पांडोला, अजापुरा, चंद्रपुरा आदि गांवों का भ्रमण िकया।