- Hindi News
- वन संरक्षक के आश्वासन पर वनकर्मियों ने वापस ली हड़ताल
वन संरक्षक के आश्वासन पर वनकर्मियों ने वापस ली हड़ताल
वन संरक्षक राजेश कुमार ने दिया हमलावरों पर सख्त पुलिस कार्रवाई का आश्वासन।
भास्करसंवाददाता|श्योपुर
बमनवासबीट मेंं वन कर्मियोंं पर हमले के मामले में पुलिस के रवैए से आक्रोशित मप्र वन कर्मचारी संघ ने अपना आंदोलन वापस लेने की घोषणा की है। वन संरक्षक राजेश कुमार द्वारा हमलावरों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद संघ ने एक अक्टूबर से प्रस्तावित बेमियादी हड़ताल स्थगित रखने का निर्णय किया है।
वन कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह तोमर ने बताया कि 20 सितंबर को विजयपुर परिक्षेत्र में दबंगों ने वन टीम पर जानलेवा हमला कर दिया था। लेकिन इस हमले के बावजूद अगरा थाना पुलिस ने तो आरोपियों पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया और ही बंदूक लूटने का। पुलिस के ढीले रवैए से एक तरफ वन अमला निराश था, वहीं हमलावरों के हौंसले बुलंद हुए। इस संबंध में बीते रोज बीरपुर पहुंचे सीसीएफ राजेश कुमार से शिकायत की गई थी। सीसीएफ श्री कुमार ने हमलावरों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई का आश्वासन कर्मचारियों को दिया है। सीसीएफ के आश्वासन के बाद वन कर्मचारी संघ की बैठक में आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि वन अमले पर हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई से खफा वन कर्मचारी संगठन के नेताओं ने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए 1 अक्टूबर से बेमियादी हड़ताल पर जाने का एलान किया था।