रात में ठंड तो दिन में तप रहा मौसम
श्योपुर|शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्शियस की बढ़त हुई, जबकि दिन में हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव होने की संभावना नहीं है, अगले तीन-चार दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का तापमान न्यूनतम 12.6 तथा अधिकतम 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को शहर का तापमान न्यूनतम 11.6 तथा अधिकतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया था। इस प्रकार गुजरे 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने से रात में गर्मी का अहसास बढ़ गया है। वहीं शनिवार को दिनभर चली ठंडी हवाओं ने 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान गिराकर लोगों को हल्की सर्दी महसूस हुई। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से शहर समेत जिलेभर में मौसम साफ बना हुआ है। सर्दी का असर सुबह और शाम के वक्त रहता है।