विधायक कप: कबड्डी में एकलव्य आश्रम ने उत्कृष्ट स्कूल को हराया
शहर के पुलिस खेल परिसर में समारोह के साथ शुरू हुई कबड्डी प्रतियोगिता
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
खेल एवं युवक कल्याण विभाग की ओर से विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता शनिवार को पुलिस खेल परिसर में प्रारंभ की गई। जिसमें श्योपुर विधानसभा क्षेत्र की 16 टीमों ने भाग ले रही है। प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के बाद शहर समेत गांवों से आई टीमों के बीच विधायक कप जीतने के लिए शुरू हुए कबड्डी मुकाबले देखने के लिए खेल प्रेमियों की खासी भीड़ जुटी। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल व फाइनल मैच रविवार को होंगे। इसी शृंखला में श्योपुर के बाद विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक कप प्रतियोगिता 17-18 फरवरी को संपन्न कराई जाएगी।
शारीरिक विकास के लिए खेलना जरूरी
विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि विधायक दुर्गालाल विजय ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेशभर में विधायक कप प्रतियोगिता की शुरुआत की है। राज्य सरकार की इस पहल से खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ साथ ग्रामीण खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में नपा अध्यक्ष दौलतराम गुप्ता, कलेक्टर पन्नालाल सोलंकी एवं पुलिस अधीक्षक सुनीलकुमार पांडेय विशिष्ट अतिथि थे।
एकलव्य आश्रम की टीम ने जीता मैच
विधायक कप के उद्घाटन मैच में एकलव्य आश्रम की टीम ने उत्कृष्ट विद्यालय को हराकर प्रतियोगिता में विजयी अभियान की शुरुआत की। दूसरा मैच दांतरदा और बालापुरा ए के बीच खेला गया। जिसमें बालापुरा के खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 के मुकाबले 7 अंकों से जीत दर्ज की। इसके बाद जानपुरा और बालापुरा बी के बीच मैच हुआ। जिसमें जानपुरा की टीम जीती। अगले मैच में सेवन स्टार क्लब ने अल्फा स्कूल को हराया।
16 टीमें विधायक कप की दावेदार
विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता में श्योपुर विधानसभा क्षेत्र की 16 टीमें भाग ले रही है। इनमें एकलव्य आश्रम, उत्कृष्ट विद्यालय, ग्राम दांतरदा, बालापुरा, ग्राम प्रेमसर ,रायपुरा, बगवाज, गांधीनगर, जानपुरा, सेवन स्टार क्लब, अल्फा स्कूल की टीम विधायक कप कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल हैं।
कबड्डी प्रतियोगिता में जौहर दिखाते खिलाड़ी।
कराहल में होगी वालीबॉल प्रतियोगिता
श्योपुर के बाद विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक कप प्रतियोगिता 16-17 फरवरी को कराहल में होगी। जिसमें क्षेत्र की टीमों के बीच वालीबॉल के मैच खेले जाएंगे।