पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • परिश्रम से ही मिलती है जीवन में कामयाबी: कलेक्टर

परिश्रम से ही मिलती है जीवन में कामयाबी: कलेक्टर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुरुषार्थ करने वाले लोगों को ही जीवन में कामयाबी मिलती है। परिश्रम और लगन से कार्य करने पर सफलता अवश्य मिलती है। छात्रों को हमेशा मौलिक सोच तथा अनुशासन में रहकर पढ़ाई में मन लगाना चाहिए। मेहनत से जी चुराने वालों को ही असफलता का मुंह देखना पड़ता है। यह बात कलेक्टर पन्नालाल सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में कही। मौका था ग्राम जैदा में जवाहर नवोदय विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित शिविर के समापन समारोह का।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनीलकुमार पांडेय तथा जिला पंचायत सीईओ राहुल हरिदास फटिंग विशिष्ट अतिथि थे। शिविर में 40 विद्यार्थियों ने भाग लेकर ग्रामवासियों के बीच स्वच्छता की अलख जगाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के साथ साथ देश एवं समाज के लिए जनहित के कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

नवोदय स्कूल के रासेयो शिविर के समापन समारोह में मंचासीन अतिथिगण।

गांव को स्वच्छ रखने छात्रों नें ग्रामीणों को किया जागरूक
ग्राम जैदा में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में जवाहर नवोदय विद्यालय के 40 विद्यार्थियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को स्वच्छ परिवेश निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम प्रभारी पीएस मीणा ने बताया कि सात दिन चले इस शिविर के तहत प्रतिदिन श्रमदान, जागरूकता रैली, बौद्धिक एवं खेलकूद गतिविधियों में शिविरार्थी छात्रों ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।

सफलता पाने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता: पांडेय
विशिष्ट अतिथि एसपी सुनील पांडेय ने छात्रों को संयमित दिनचर्या और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। पांडेय ने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन एवं दिनचर्या का बड़ा महत्व है। नियमित एवं संयमित दिनचर्या से आलस्य दूर भागता है, मन सदा प्रसन्न रहता है और शरीर में ताजगी का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि मंजिल पाने के लिए सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़नी पड़ती है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। समापन समारोह को राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ.ओपी शर्मा , महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कॅरियर काउंसलर डॉ. विपिनबिहारी शर्मा ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन एवं दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एनके त्रिपाठी ने माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया।

आयोजन
खबरें और भी हैं...