सरकारी मिडिल स्कूलों में शुरू होंगी 30 नईं स्मार्ट क्लास
राज्य शिक्षा केन्द्र ने जिले के अधिकारियों से मांगा प्रस्ताव
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
जिले के मिडिल स्कूलों में नई 30 स्मार्ट क्लास शुरू की जाएंगी। स्मार्ट क्लास शुरू करने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र ने जिले के अधिकािरियों से स्कूल चिहिन्हत कर इसका प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए हैं।
जिले के ऐसे मिडल स्कूल जहां बिजली कनेक्शन के साथ पर्याप्त इलेक्ट्रिक फिटिंग उपलब्ध होना चाहिए। स्कूल परिसर के साथ भवन सुरक्षित हो, कक्ष के खिड़की और दरवाजे मजबूत होने के साथ कक्ष की दत पक्की होना चाहिए। स्कूल में पहले स्मार्ट क्लास संचालित नहीं होना चाहिए।
ऐसे मिडिल स्कूलों में भी खोली जा सकेंगी स्मार्ट क्लास
एक से अधिक स्कूल वाले परिसर में किसी मिडिल स्कूल को भी स्मार्ट क्लास के लिए चुना जा सकता है। स्कूल बिल्डिंग बिजली के साथ स्मार्ट क्लास के लिए सुरक्षित होना चाहिए। पुराने या पहले चरण के ऐसे हेड स्टार्ट केन्द्र जिन्हे अपग्रेड नहीं किया गया हो, उन स्कूलों को भी शामिल किया जा सकता है। जन शिक्षा केन्द्रों के तहत शाला सिद्धी में हमारी शाला ऐसी हो कार्यक्रम के तह चुने गए मिडिल स्कूल भी शामिल किए जा सकेंगे। जन शिक्षा केन्द्रों में जन शिक्षक के मुख्यालय वाले मिडिल स्कूलों को भी शामिल किया जा सकता है। पूर्व वर्षों से मिडिल स्कूलों में कंप्यूटर लैब योजना के तहत जिले द्वारा स्कूलों का प्रस्ताव दिया था। यदि इन स्कूलों में कंप्यूटर लैब संचालित हैं तो यहां भी स्मार्ट क्लास पर विचार किसा जा सकता है।