गोरस महोत्सव में शामिल होंगे मंत्री व मुख्यमंत्री
कलेक्टर ने लिया गोरस महोत्सव की तैयारियों का जायजा
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
कराहल ब्लॉक के गोरस कस्बे में तीन दिवसीय गोरस महोत्सव 12 फरवरी से आयोजित होने जा रहा है। गोरस महोत्सव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भाग लेंगे। मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर प्रशासन भी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में जुट गया है। कलेक्टर पीएल सोलंकी और एसपी सुनील पांडेय ने विधायक दुर्गालाल विजय के साथ गोरस पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
गोरस फाउण्डेशन के तत्वाधान में 12 से 14 फरवरी तक गोरस महोत्सव आयोजित होगा जिसकी तैयारिया जोरों से चल रही हैं। गौसंवर्धन नस्ल सुधार, गौ आधारित प्राकृतिक खेती और समग्र ग्राम विकास की थीम पर गोरस महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्रीगण नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रकाश जावडेकर, सांसद अनूप मिश्रा आयोजन में भाग लेंगे।
रेस्ट हाउस पर हुई बैठक
कलेक्टर सोलंकी , पुलिस पाण्डेय ने रेस्ट हाउस पर तैयारियों को लेकर अधिकारीयों की बैठक ली। हेलीपेड स्थल और आयोजन स्थल सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों को जायजा लिया। अधिकारीयों को व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गर्ग, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह सिसौदिया, जिला उपाध्यक्ष बिहारी सिंह सोलंकी, गौरस फाउण्डेशन न्यास मण्डल सदस्य राजेन्द्र सिंह, सीताराम आदिवासी आदि उपस्थित थे।
तैयारियों का जायला लेते कलेक्टर, एसपी, विधायक सहित अन्य।