पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उप डाकघर में भी ग्राहक को मिलने लगी कोर बैंकिंग सुविधा

उप डाकघर में भी ग्राहक को मिलने लगी कोर बैंकिंग सुविधा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्राहकों को ऑनलाइन सुविधा के साथ एटीएम से नगदी निकासी की सुविधा मिलेगी

भास्कर संवाददाता | श्योपुर/बड़ौदा

भारतीय डाक विभाग की तरफ से जिले के मुख्य डाकघर के आधुनिकीकरण के बाद अब तृतीय चरण में कस्बों में संचालित उप डाकघर को भी कोर बैंकिंग सुविधा से जोड़ने की पहल शुरू कर दी है। इसके तहत बड़ौदा कस्बे के पोस्ट ऑफिस में कोर बैंकिंग सुविधा का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष भारती रितेश तोमर ने किया। इस अवसर पर डाक विभाग के स्थानीय कर्मचारियों के अलावा कस्बे के गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कराहल, विजयपुर एवं बीरपुर उप डाकघर भी कोर बैंकिंग सुविधा से जुड़ने जा रहे हैं। डाक विभाग ग्राहक को न सिर्फ ऑनलाइन सुविधा देगा, बल्कि पोस्टऑफिस में एटीएम के जरिए नगदी निकासी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

गौरतलब है कि डाक विभाग द्वारा सभी डाकघर को कोर बैंकिंग सोल्यूशन(सीबीएस) से कनेक्ट किया जा रहा है। पहले चरण में विभाग ने प्रधान डाकघर को कोर बैंकिंग से जोड़ा। दूसरे चरण में श्योपुर मुख्य डाकघर में यह सुविधा दी गई। अब तृतीय चरण में बड़ौदा उप डाकघर को कोर बैंकिंग से जोड़ा गया है। इससे ग्राहक अपने बैंकिंग कार्य का नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर सकेंगे, साथ ही देश के किसी भी डाकघर के खाते में यहां से राशि जमा करा सकेंगे। विशेष बात यह है कि कोर बैंकिंग के साथ ही डाकघर से जुड़े खाताधारक को एटीएम सुविधा भी मिलेगी, जिसके लिए एटीएम मशीन डाकघर में लगाई जाएगी।

डाकघर से जुड़े 60 हजार ग्राहकों को मिलेगा लाभ
जिले में श्योपुर मुख्य डाकघर सहित चारों उप डाकघरों के अधीन कुल ५९ शाखा डाकघर भी संचालित हैं। इनसे जिले में जुड़े एक लाख खाताधारक को फायदा होगा। खास बात यह है कि डाकघर की बैंकिंग सुविधा से ऐसे ग्राहक ज्यादा जुड़े हैं जो निम्न आय वर्ग के हैं।

सरकारी योजना के हितग्राही को भी होगी सुविधा
मनरेगा, स्व-सहायता समूह सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियों को भुगतान में सुविधा होगी। हितग्राहियों को भुगतान के लिए चक्कर नहीं लगाना होंगे। योजना की राशि ऑनलाइन पोस्टऑफिस में हितग्राही के बचत खाते में ट्रांसफर हो सकेगी।

उप डाकघर को भी कोर बैंकिंग से जोड़ा जा रहा है
तृतीय चरण में बड़ौदा के अलावा कराहल, विजयपुर औ बीरपुर के उप डाकघर को भी कोर बैंकिंग से जोड़ा जा रहा है। हबीब खान, प्रभारी पोस्ट मास्टर, श्योपुर

पोस्टऑफिस को मिलेगा पुराना पशु अस्पताल भवन
विभाग की ओर से बड़ौदा के उप डाकघर में कोर बैंकिंग सेवा का शुभारंभ तो कर दिया गया है, लेकिन भवन के अभाव में उपकरण रखने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं है। यहां बरसों से किराए के भवन में पोस्ट ऑफिस संचालित किया जा रहा है। गुरुवार को कोर बैंकिंग सुविधा के उद््घाटन अवसर पर डाक कर्मचारियों ने भवन की समस्या से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। इस पर नगर परिषद अध्यक्ष भारती सिंह तोमर ने कस्बे में पशु अस्पताल के पुराने भवन को पोस्टऑफिस के लिए आवंटित कराने की घोषणा की है। इस संबंध में नगर परिषद की ओर से प्रस्ताव मंजूरी के लिए कलेक्टर को जल्द भेजा जाएगा।

बड़ौदा में कोर बैंकिंग सेवा का फीता काटकर शुभारंभ करते नप अध्यक्ष।

खबरें और भी हैं...