आंदोलन के लिए कर्मचारियों को एकजुट करने गांवों में संपर्क शुरू
रैली केे बाद 8 मार्च से प्रदेश व्यापी बेमियादी हड़ताल का ऐलान
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
12 सूत्रीय लंबित मांगों के निराकरण में शासन की वादाखिलाफी से नाराज बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी आगामी 8 मार्च से बेमियादी हड़ताल करेंगे। आंदोलन के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को एकजुट करने के लिए संघ के पदाधिकारियों ने संपर्क दौरों की शुरुआत कर दी है।
न्यू बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीणकुमार शाक्य एवं प्रवक्ता महेश भारद्वाज ने बताया कि मैदानी क्षेत्र में कार्यरत आरसीएच, एएनएम, एमपीडब्ल्यू मलेरिया वर्करों को नियमित किए जाने सहित 12 सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर 2013 में आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार ने वाजिब मांग मानने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक कोई सार्थक पहल शासन स्तर पर नहीं की गई है। जिससे प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
संघ ने चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अगले माह 7 मार्च को भोपाल में आक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। यदि इस दिन प्रदेश सरकार ने मांगे नहीं मानी तो 8 मार्च को प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे पूर्व 25 फरवरी को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को एकजुट करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अजापुरा, जैदा, प्रेमसर , ढोटी आदि गांवों का दौरा किया। इसके लिए ब्लॉक अध्यक्ष बड़ौदा रामवरण सिंह भदौरिया, ब्लॉक अध्यक्ष कराहल रामनिवास गुर्जर, विजयपुर मोहरसिंह कौशल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।